Sirmour: खारा जंगल में ट्रैप कैमरे में कैद हुआ टाइगर, पेड़ों पर मिले पंजों के निशान

Edited By Kuldeep, Updated: 16 Jun, 2026 11:18 PM

paonta sahib forest tiger

वन मंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत खारा के जंगल में लगाए गए ट्रैप कैमरे में एक टाइगर कैद हुआ है।

पांवटा साहिब (कपिल): वन मंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत खारा के जंगल में लगाए गए ट्रैप कैमरे में एक टाइगर कैद हुआ है। इस घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और टाइगर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त कैमरे लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पिछले काफी समय से वन विभाग को खारा जंगल क्षेत्र में टाइगरों की गतिविधियों संबंधी शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार बड़े वन्यजीव के देखे जाने की सूचना देने पर विभाग ने क्षेत्र में ट्रैप कैमरा लगाया था।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पेड़ों पर लगभग 4 से 5 फुट की ऊंचाई पर पंजों के निशान व कुछ पेड़ों पर शरीर रगड़ने के संकेत और बाल भी पाए गए हैं। विभाग ने इन साक्ष्यों को जांच के लिए भेजा है, ताकि टाइगर की गतिविधियों और उसके मूवमैंट के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके।

सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) आदित्य शर्मा ने बताया कि प्राप्त फुटेज और अन्य संकेतों का विश्लेषण किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर कैमरे में दिखाई देने वाला टाइगर एक वयस्क नर प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा 2 टाइगरों की गतिविधियां देखे जाने के दावों की भी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है।

इससे पहले वर्ष 2023 में सिंबलवाड़ा क्षेत्र में भी टाइगर की मौजूदगी दर्ज की गई थी। पांवटा साहिब क्षेत्र में टाइगर की उपस्थिति वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। किसी भी क्षेत्र में टाइगर की मौजूदगी वहां के वन तंत्र और जैव विविधता के बेहतर स्वास्थ्य का संकेत होती है।

एसीएफ ने बताया कि यदि जांच के दौरान यह प्रमाणित होता है कि टाइगर लंबे समय से इस क्षेत्र में निवास कर रहा है तो विभाग इस क्षेत्र को विशेष संरक्षण क्षेत्र के रूप में विकसित करने संबंधी प्रस्ताव तैयार कर सकता है। टाइगर की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद जंगल से सटे गांवों को अलर्ट कर दिया है।

संबंधित पंचायतों को स्थिति से अवगत करवाते हुए ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी को टाइगर दिखाई देता है या उसके पदचिन्ह नजर आते हैं तो वे स्वयं उसके पास जाने का प्रयास न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें।

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!