Edited By Kuldeep, Updated: 11 Nov, 2026 09:20 PM

शिलाई उपमंडल में बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पुष्टि कर दी है कि उसकी मौत गोली लगने से हुई है।
नाहन (आशु): शिलाई उपमंडल में बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पुष्टि कर दी है कि उसकी मौत गोली लगने से हुई है। मृतक की पहचान खजान सिंह निवासी जामू कोटी रेणुका जी के रूप में हुई है। बुधवार को नाहन मैडीकल कालेज में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, वहीं फोरैंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस की शुरूआती जांच में यह हत्या का मामला प्रतीत नहीं हो रहा है। शिकार के दौरान चलाई गई गोली लगने की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7 बजे खजान सिंह अपने चचेरे भाई रविंद्र (31) के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। दोनों शिलाई क्षेत्र की कोटी उतरो पंचायत के एक गांव में मेहमानों से मिलने गए थे। बाइक रविंद्र चला रहा था, जबकि खजान सिंह पीछे बैठे थे। आवत गांव के समीप रविंद्र को महसूस हुआ कि खजान सिंह अचानक अचेत होकर बाइक से नीचे गिर गए। उस समय दोनों को गोली चलने की आवाज सुनाई नहीं दी थी। शुरूआत में उन्हें चोट लगने की आशंका हुई। उसके बाद खजान सिंह को पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया लेकिन पी.जी.आई. पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को नाहन मैडीकल कालेज लाया गया।
जब मंगलवार शाम करीब 4 बजे रविंद्र ने अपने हैल्मेट को देखा तो हैल्मेट पर गोली लगने का निशान था और उसके अंदर एक गोली भी फंसी हुई मिली। इसके बाद मामले में गोली लगने की आशंका गहरा गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की और रविंद्र के बयान भी दर्ज किए। बुधवार को फोरैंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर बाइक सवार मौजूद थे, वहां उनके आसपास या आगे-पीछे कोई अन्य व्यक्ति नहीं था। ऐसे में यह आशंका भी जांच के दायरे में है कि क्षेत्र में किसी व्यक्ति द्वारा शिकार के उद्देश्य से चलाई गई गोली खजान सिंह को लग गई हो। हालांकि, गोली किसने और किन परिस्थितियों में चलाई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद गोली लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है।