Edited By Vijay, Updated: 07 Nov, 2026 07:29 PM

सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ढांगी गांव के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जहां एक अनियंत्रित ट्रक सड़क से लुढ़ककर करीब 400 से 500 मीटर नीचे गहरी घासनी (ढलान) में जा गिरा।
राजगढ़ (ब्यूरो): सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ढांगी गांव के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जहां एक अनियंत्रित ट्रक सड़क से लुढ़ककर करीब 400 से 500 मीटर नीचे गहरी घासनी (ढलान) में जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रक में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है। इतनी अधिक गहराई में गिरने के कारण ट्रक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के धाली गांव डाकघर देवठी मझगांव के निवासी हीरा सिंह पुत्र मोहन सिंह ने बताया कि मध्यरात्रि करीब 12:20 बजे रात के सन्नाटे को चीरती हुई एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ ही देर में ग्रामीणों को सूचना मिली कि ढांगी गांव के पास एक ट्रक सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। अनहोनी की आशंका के चलते हीरा सिंह जब अन्य ग्रामीणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे, तो देखा कि ट्रक सड़क से करीब 400-500 मीटर नीचे घासनी में बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ था। अंधेरे के कारण राहत कार्य में आई दिक्कतों के बाद शनिवार सुबह जब दिन की रोशनी फैली तो देखा गया कि ट्रक के बुरी तरह पिचक चुके केबिन के भीतर एक व्यक्ति मृत अवस्था में फंसा हुआ था।
इसके पश्चात, ट्रक मालिक द्वारा मृतक की शिनाख्त टीका राम पुत्र संत राम के रूप में की गई, जो जिला शिमला के संजौली स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी था। इस हादसे में ट्रक में सवार एक अन्य व्यक्ति दीपक पुत्र सूबा राम निवासी नेपाल घायल अवस्था में मिला है। पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि यह भीषण दुर्घटना ट्रक चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण घटी है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना राजगढ़ में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगामी कानूनी जांच अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें