Edited By Vijay, Updated: 22 May, 2026 11:35 PM

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उससे करीब 8 लाख रुपए ऐंठ लिए।
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उससे करीब 8 लाख रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित की शिकायत पर भुंतर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार कुल्लू जिले के भल्याणी डाकघर के अंतर्गत मढ़घन गांव के रहने वाले गोविंद सिंह ने बताया कि बीती 17 अप्रैल को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात महिला की कॉल आई थी। महिला ने उसे अपनी बातों में उलझाया और मिलने के बहाने भुंतर स्थित अपने कमरे पर बुलाया। जब गोविंद भुंतर पहुंचा, तो वह महिला उसे आधे रास्ते में खुद रिसीव करने आई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब महिला उसे अपने कमरे में ले गई, तो वहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी, जो थोड़ी देर बाद बाहर निकल गई। इसके बाद उस महिला ने कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली। कुछ ही देर में वहां महिला का कथित पति और वह दूसरी महिला (जो बाहर गई थी) वापस कमरे में आ गए। इन लोगों ने मिलकर गोविंद को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और थाने में झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
झूठे केस और बदनामी के डर से घबराए गोविंद ने उन लोगों को 50,000 रुपए नकद दे दिए। इसके बावजूद आरोपियों का लालच कम नहीं हुआ और उसे डरा-धमकाकर पीड़ित का एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिया। पीड़ित के अनुसार आरोपी उसे बार-बार ब्लैकमेल करते रहे और उसके एटीएम से अब तक करीब 3 लाख रुपए निकाल चुके हैं।
पीड़ित का आरोप है कि महिला और उसके कथित पति ने झूठे केस का डर दिखाकर उससे अब तक कुल मिलाकर करीब 8 लाख रुपए की जबरन वसूली कर ली है। इतना ही नहीं, आरोपी अब भी फोन करके उससे लगातार और पैसों की डिमांड कर रहे हैं। लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़ित ने भुंतर पुलिस स्टेशन में न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर लिया है। कुल्लू के एसपी मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए गहनता से छानबीन की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें