Edited By Vijay, Updated: 25 Aug, 2026 11:59 AM

कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कुठमां गांव में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने एक बड़ी सेंधमारी को अंजाम दिया है। चोरों ने महज 20 मिनट के भीतर एक घर से करीब 5 लाख रुपए कीमत की सोने की दो चेन उड़ा लीं।
कांगड़ा: कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कुठमां गांव में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने एक बड़ी सेंधमारी को अंजाम दिया है। चोरों ने महज 20 मिनट के भीतर एक घर से करीब 5 लाख रुपए कीमत की सोने की दो चेन उड़ा लीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुठमां के वार्ड नंबर-3 निवासी सुभाष पुत्र किशोरी लाल का परिवार सोमवार शाम को घर से सटी हुई रसोई में रात का खाना खाने गया था। जब परिवार महज 20 मिनट बाद वापस मुख्य घर में लौटा तो अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखीं सोने की दो चेन, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 5 लाख रुपए है, गायब थीं।
चोरों ने इतनी खामोशी और तेजी से इस वारदात को अंजाम दिया कि पास ही रसोई में मौजूद परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। वारदात के तरीके को देखकर आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले घर की पूरी रेकी की थी और परिवार की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी जा रही थी।
पीड़ित परिवार ने तुरंत इसकी सूचना गगल पुलिस थाने को दी, लेकिन पुलिस टीम के मौके पर न पहुंचने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना को अंजाम देने वालों की धरपकड़ के लिए पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है, जल्द ही मामले को सुलझा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें