Himachal: चंडीगढ़ में फिर रोकीं HRTC की बसें, जानें क्या है मामला

Edited By Vijay, Updated: 11 Jan, 2025 11:00 PM

hrtc buses stopped again in chandigarh know what is the matter

चंडीगढ़ में एचआरटीसी की बसों को लेकर फिर विवाद खड़ा हो गया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने बिना किसी संवाद के शिमला यूनिट व मंडी यूनिट की एक बस को चंडीगढ़ में रोक दिया, जिसे चंडीगढ़ स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने जब्त कर लिया।

शिमला (राजेश): चंडीगढ़ में एचआरटीसी की बसों को लेकर फिर विवाद खड़ा हो गया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने बिना किसी संवाद के शिमला यूनिट व मंडी यूनिट की एक बस को चंडीगढ़ में रोक दिया, जिसे चंडीगढ़ स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने जब्त कर लिया। बीती रात चंडीगढ़ के सैक्टर-17 बस स्टैंड में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान बस सवारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। जैसे ही यह मामला निगम प्रबंधन के पास पहुंचा तो निगम प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने सचिव चंडीगढ़ परिवहन से फोन पर बात की और मामले की जानकारी ली। 

निगम प्रबंधन ने वार्ता के लिए चंडीगढ़ भेजी टीम
निगम प्रबंधन ने शिमला मुख्यालय से निगम अधिकारियों की टीम को चंडीगढ़ भेजा, जहां चंडीगढ़ स्टेट ट्रांसपोर्ट अधिकारियों से वार्ता की गई। निगम प्रबंधन के अनुसार यह वार्ता बहुत ही सौहार्दपूर्ण रही है और निगम की बसों को जल्द छोड़ भी दिया जाएगा क्योंकि निगम प्रबंधन के पास चंडीगढ़ में बसें सभी कागजों व रूटों व चंडीगढ़ सरकार के साथ हुए करार के तहत चलाई जा रही हैं। ऐसे में जल्द ही ये बसें छोड़ दी जाएंगी जबकि चंडीगढ़ में निगम की बसें ये आरोप लगाकर रोकी गईं कि निगम की बसें बिना रूट परमिट के चल रही हैं।

पहले भी हुआ था विवाद 
यह पहली बार नहीं है जब चंडीगढ़ में स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी की ओर से निगम की बसों को रोका गया है। करीब 6 माह पहले भी निगम की बसों को रोका गया था। विवाद यहां तक बढ़ गया था कि चंडीगढ़ के सैक्टर 43 के बस स्टैंड को छोड़कर मोहाली पंजाब शिफ्ट कर लिया जाए, जहां न केवल किराए में कटौती होगी बल्कि एचआरटीसी को करोड़ों रुपए का मुनाफा भी होगा लेकिन बाद में चंडीगढ़ में ही सैक्टर-43 के बस स्टैंड को जारी रखने का फैसला लिया गया।

सीटीयू हिमाचल में चलाना चाह रही नए रूट
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग हिमाचल में नए रूट चलाना चाहती है। इसके काऊंटर साइन को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। यह मामला संवाद के माध्यम से होना था लेकिन एचआरटीसी बसों को रात को चंडीगढ़ में रोक दिया गया जिससे यात्रियों को भी परेशान होना पड़ा।

सीटीयू को भी हिमाचल में हो सकती है परेशानी
हिमाचल में बसें चलाने के लिए सीटीयू दबाव बना रही है जबकि हिमाचल में नए रूट चलाने के लिए इंटरस्टेट एग्रीमैंट में नए रूट नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद भी लगातार इस तरह के दबाव बनाए जा रहे हैं। निगम प्रबंधन ने साफ किया है कि प्रबंधन पहले वार्ता के अनुसार मामले को सुलझाएगा। यदि इसी तरह की परेशानियां सामने आती रहीं तो आगामी समय में सीटीयू को भी हिमाचल में बसें चलाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि सीटीयू हिमाचल में करीब 12 हजार किलोमीटर  में बसें चलाती है।

क्या कहते हैं एमडी एचआरटीसी
इस मामले को लेकर एमडी एचआरटीसी रोहन चंद ठाकुर का कहना है कि एचआरटीसी चंडीगढ़ में एग्रीमैंट के तहत बसें चला रहा है। चंडीगढ़ में निगम की दो बसों को पकड़ा है। वहीं उन्होंने इस बात पर हैरानी जताते हुए कहा कि निगम सभी औपचारिकताएं पूरी कर चंडीगढ़ में बसें चला रहा है, यह कार्रवाई सही नहीं है। उन्होंने कहा कि मामला सामने आते ही निगम मुख्यालय से डीएम, आरएम व अन्य अधिकारियों की एक टीम चंडीगढ़ भेजी है और चंडीगढ़ प्रबंधन से वार्ता कर रही है। उन्होंने कहा कि निगम की बसों को छोड़ दिया जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!