Edited By Jyoti M, Updated: 10 Apr, 2026 03:37 PM

हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में खेल-खेल में हुआ एक मामूली विवाद एक किशोर की जान पर बन आया। निहरी क्षेत्र में 1 अप्रैल को दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहे एक किशोर पर लकड़ी के बल्ले से हमला किया गया था, जिसकी कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग...
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में खेल-खेल में हुआ एक मामूली विवाद एक किशोर की जान पर बन आया। निहरी क्षेत्र में 1 अप्रैल को दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहे एक किशोर पर लकड़ी के बल्ले से हमला किया गया था, जिसकी कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद मौत हो गई।
विवाद की वजह और हमला
जानकारी के अनुसार, निहरी क्षेत्र के मैदान में कुछ किशोर क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान बॉलिंग और विकेटकीपिंग को लेकर दो दोस्तों के बीच कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि एक किशोर ने गुस्से में आकर दूसरे के सिर पर लकड़ी के बल्ले से जोर से हमला कर दिया। प्रहार इतना घातक था कि किशोर मौके पर ही बेहोश हो गया।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
घायल किशोर को तुरंत नागरिक अस्पताल सुन्नी ले जाया गया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चला, लेकिन चोट गहरी होने के कारण उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई और नई धाराएं
घटना के दिन (1 अप्रैल) पुलिस ने मारपीट के तहत मामला दर्ज किया था। अब किशोर की मृत्यु के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) को जोड़ दिया है।
पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए लकड़ी के बल्ले को कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बाल न्यायालय में होगी पेशी
चूंकि इस मामले में आरोपी भी एक किशोर (Minor) है, इसलिए उसे नियमानुसार बाल न्यायालय (Juvenile Court) में पेश किया जाएगा। एसपी मंडी, विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।