Edited By Vijay, Updated: 24 Sep, 2026 10:10 PM

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया अपने यूरोप के अध्ययन प्रवास के अगले चरण में इटली के शहर मिलान से वायु मार्ग द्वारा फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी पहुंच गए हैं।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया अपने यूरोप के अध्ययन प्रवास के अगले चरण में इटली के शहर मिलान से वायु मार्ग द्वारा फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी पहुंच गए हैं। इटली के प्रवास के दौरान उन्होंने जहां औद्योगिक व शिक्षण संस्थानों का दौरा किया, वहीं वहां बसे भारतीय समुदाय के लोगों से देश की तरक्की में योगदान देने का आह्वान भी किया।
इटली के मिलान शहर में अपने प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों और विशेष रूप से वहां रह रहे भारतीय समुदाय के साथ संवाद किया। भारतीयों को संबोधित करते हुए पठानिया ने कहा कि भारत उनका मूल देश है और उन्हें अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने प्रवासियों से अपील की कि वे विदेशों में कमाए गए धन का निवेश अपने देश भारत में करें। इससे न केवल भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। अपने मिलान प्रवास के दौरान कुलदीप सिंह पठानिया ने कई महत्वपूर्ण स्थलों, शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यूरोपीय कार्यप्रणाली और विकास मॉडल का भारत तथा हिमाचल प्रदेश के परिप्रेक्ष्य में तुलनात्मक अध्ययन किया, ताकि वहां की बेहतरीन नीतियों को प्रदेश के हित में समझा जा सके।
जानकारी के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष 23 और 24 सितम्बर तक फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी में विभिन्न व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे। इसके पश्चात उनका फिनलैंड के प्रसिद्ध महानगर रोवानीमी जाने का कार्यक्रम है। रोवानीमी को फिनलैंड के लैपलैंड क्षेत्र की राजधानी कहा जाता है और दुनिया भर में इसे सांता क्लॉज का आधिकारिक गृह नगर माना जाता है। तय कार्यक्रम के अनुसार कुलदीप सिंह पठानिया 25 व 26 सितम्बर को रोवानीमी के अध्ययन प्रवास पर रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें