Edited By Swati Sharma, Updated: 28 Apr, 2026 01:06 PM

Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के अंतर्गत भोरंज क्षेत्र के लजयाणी गांव में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। यहां पिता और पुत्र के बीच हो रही कहासुनी को शांत करवाने की कोशिश कर रही एक बुजुर्ग महिला की गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने...
Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के अंतर्गत भोरंज क्षेत्र के लजयाणी गांव में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। यहां पिता और पुत्र के बीच हो रही कहासुनी को शांत करवाने की कोशिश कर रही एक बुजुर्ग महिला की गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।
देर से घर आने पर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, मृत बुजुर्ग महिला की पहचान 80 वर्षीय रतनी देवी के रूप में हुई है। विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब 25 वर्षीय साहिल शर्मा घर देर से लौटा। पिता श्याम लाल ने देर से आने पर टोका, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। घर में मचे शोर और झगड़े को देख श्याम लाल की माता रतनी देवी (80 वर्ष) बीच-बचाव करने पहुंचीं। बताया जा रहा है कि धक्का-मुक्की के दौरान बुजुर्ग महिला असंतुलित होकर जमीन पर गिर गईं, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, आनन-फानन में एंबुलेंस को भी सूचित किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही भोरंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह के अनुसार, पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। बताया जा रहा है कि श्याम लाल की तीन बेटियां शादीशुदा हैं, जबकि पुत्र साहिल (पिकअप चालक) की शादी महज छह माह पहले हुई थी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच अक्सर अनबन रहती थी।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें