Edited By Vijay, Updated: 08 Sep, 2026 07:04 PM

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले को यातायात और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को कुल्लू बस अड्डे पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 15 नई इलैक्ट्रिक (ई-बस) बसों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न...
कुल्लू (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले को यातायात और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को कुल्लू बस अड्डे पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 15 नई इलैक्ट्रिक (ई-बस) बसों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न रूटों के लिए रवाना किया। इस मौके पर एचआरटीसी के डीडीएम डीके नारंग ने मुख्यातिथि विधायक सुंदर ठाकुर सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर, आरटीओ आकांक्षा शर्मा, जिला रेड क्रॉस सचिव चंद्र केश शर्मा, एचआरटीसी के डीडीएम (मंडी) उत्तम सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (केलांग) अंशित शर्मा और विभिन्न पार्षदगण सहित कई गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
पर्यावरण और पर्यटन को मिलेगा भारी बढ़ावा
इस अवसर पर उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि इन आधुनिक और इको-फ्रैंडली बसों के चलने से कुल्लू-मनाली घाटी के पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में बहुत मदद मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-बसों के संचालन से न केवल स्थानीय जनता, बल्कि देश-विदेश से कुल्लू-मनाली आने वाले लाखों पर्यटकों को भी आरामदायक, सुरक्षित और धुआं-रहित सफर की बेहतरीन सुविधा मिलेगी।
कुल्लू डिपो बना देश का पहला इलैक्ट्रिक बस डिपो
एचआरटीसी कुल्लू डिपो की उपलब्धियां गिनाते हुए विधायक ने कहा कि कुल्लू डिपो देश भर में सरकारी परिवहन व्यवस्था के अंतर्गत इलेक्ट्रिक बसें चलाने वाला पहला डिपो बन गया है। इसके साथ ही यह डिपो प्रदेश भर में सर्वाधिक लाभकमाने वाला डिपो भी है। उन्होंने कहा कि कुल्लू बस अड्डा भवन प्रदेश के सबसे आधुनिक भवनों में से एक है। भविष्य में पीज के लिए बनने वाले रोपवे प्रोजैक्ट के पूरा होने से इस बस अड्डे का महत्व और भी अधिक बढ़ जाएगा।
जीपीएस और सुरक्षा तकनीकों से लैस हैं नई बसें
इन 15 नई बसों की खूबियों का जिक्र करते हुए विधायक ने बताया कि ये सभी बसें आधुनिक जीपीएस सिस्टम और कड़े सुरक्षा मानकों से लैस हैं। इन्हें जिले के विभिन्न लोकल और प्रमुख रूटों पर चलाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, कुल्लू डिपो में पहले से ही 17 इलैक्ट्रिक बसों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा था। अब इन 15 नई बसों के जुड़ जाने से कुल्लू डिपो के पास कुल 32 इलैक्ट्रिक बसों का बड़ा बेड़ा तैयार हो गया है।
एक माह में सुधरेगी सफाई व्यवस्था, हटेगा अवैध अतिक्रमण
यातायात सुविधाओं के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विधायक ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुल्लू शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को निर्देश देते हुए जनता से वादा किया कि आगामी एक महीने के भीतर शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुचारू बना दिया जाएगा। बस अड्डे सहित पूरे शहर में अवैध अतिक्रमण को हटाने का अभियान भी तेज किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें