भयानक हादसा: जिस खातड़ी ने ली थी बच्चे की जान...अब उसी में डूबने से हुई बुजुर्ग की मौत, गांव में पसरा मातम

Edited By Vijay, Updated: 10 Sep, 2026 02:28 PM

elderly man drown in step well

हमीरपुर जिला के उपमंडल सुजानपुर की ग्राम पंचायत रंगड़ के टपरा गांव में एक भयानक हादसा पेश आया है। यहां गांव के पारंपरिक जल स्रोत (खातड़ी) से पानी भरने गए एक 84 वर्षीय बुजुर्ग की डूबने से मौत हो गई।

सुजानपुर (अश्वनी): हमीरपुर जिला के उपमंडल सुजानपुर की ग्राम पंचायत रंगड़ के टपरा गांव में एक भयानक हादसा पेश आया है। यहां गांव के पारंपरिक जल स्रोत (खातड़ी) से पानी भरने गए एक 84 वर्षीय बुजुर्ग की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेमू राम के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेमू राम रोजमर्रा की तरह पानी लाने के लिए गांव की खातड़ी पर गए थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसला और वह गहरे पानी में जा गिरे। जब बुजुर्ग काफी देर तक घर नहीं लौटे तो चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजन जब खातड़ी के पास पहुंचे तो वहां प्रेमू राम का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही पूरे टपरा गांव में मातम पसर गया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव की यह खातड़ी काफी गहरी और फिसलन भरी है। इसके बावजूद वहां न तो कोई सुरक्षा दीवार बनाई गई है और न ही कोई रेलिंग है। सबसे खौफनाक बात यह है कि इसी खातड़ी में डूबने से पहले भी एक बच्चे की मौत हो चुकी है। पूर्व में हुए हादसे के बाद भी पंचायत या प्रशासन ने इस खुले जल स्रोत को सुरक्षित करने की कोई जहमत नहीं उठाई, जिसका नतीजा यह हुआ कि आज एक और जान चली गई।

84 साल की उम्र में पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए बुजुर्ग का इस तरह काल का ग्रास बनना स्थानीय व्यवस्था की पोल खोलता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित पंचायत से सख्त लहजे में मांग की है कि इस खातड़ी के चारों ओर तुरंत प्रभाव से सुरक्षा दीवार और जाली लगाई जाए, ताकि भविष्य में कोई और बच्चा या बुजुर्ग इस मौत के कुएं का शिकार न बने।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!