Edited By Vijay, Updated: 25 Sep, 2026 11:14 PM

एचआरटीसी की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। निगम के बेड़े में जल्द नई डीजल और इलैक्ट्रिक बसें शामिल होंगी। इलैक्ट्रिक बसों का ऐसा प्रोटोटाइप तैयार किया जाएगा, जिसकी बैटरी क्षमता एक बार चार्ज करने पर 350 किलोमीटर से अधिक सफर...
शिमला (राजेश): एचआरटीसी की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। निगम के बेड़े में जल्द नई डीजल और इलैक्ट्रिक बसें शामिल होंगी। इलैक्ट्रिक बसों का ऐसा प्रोटोटाइप तैयार किया जाएगा, जिसकी बैटरी क्षमता एक बार चार्ज करने पर 350 किलोमीटर से अधिक सफर तय करने की होगी। इससे लंबी दूरी के रूटों पर भी ई-बसों के संचालन का रास्ता साफ होगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को एचआरटीसी निदेशक मंडल की 164वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को 250 नई डीजल बसों की खरीद प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 दिन के भीतर वाहन खरीद समिति की बैठक बुलाने को कहा, ताकि बसों की खरीद में और देरी न हो।
366 बसों को ऑफरोड करने का निर्णय
बैठक में एचआरटीसी की 366 बसों को ऑफरोड करने का निर्णय लिया गया। इनमें जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन के तहत चल रही 12 मीटर लंबी बसें भी शामिल हैं। पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर उनकी जगह नई इलैक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। उपमुख्यमंत्री ने तकनीकी समिति को नई इलैक्ट्रिक बसों के प्रोटोटाइप को जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
प्रबंध निदेशक की मंजूरी के बिना बंद नहीं होगा बस रूट
एचआरटीसी का कोई भी बस रूट अब प्रबंध निदेशक की मंजूरी के बिना बंद नहीं किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक अपने स्तर पर किसी रूट को बंद नहीं कर सकेंगे। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में बस सेवा प्रभावित होने की शिकायतों पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है। बैठक में एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, प्रबंध निदेशक शिवम प्रताप सिंह, निदेशक मंडल के सदस्य और निगम व संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कांगड़ा में बनेगा नया ई-बस डिपो
बैठक में कांगड़ा में नए इलैक्ट्रिक बस डिपो को मंजूरी दी गई। इससे पहले नादौन, हरोली, ठियोग और नाहन में ई-डिपो को मंजूरी मिल चुकी है। हरोली ई-डिपो का संचालन शुरू भी हो गया है। नए डिपो से ई-बसों का संचालन बढ़ाने के साथ चार्जिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
ऊना में पुराने बस स्टैंड पर बनेगा सिटी सैंटर
ऊना के पुराने बस स्टैंड की जगह सिटी सैंटर विकसित करने का फैसला भी लिया गया। अधिकारियों को इसकी ड्रॉइंग और अन्य औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, बिलासपुर के मंडी-भराड़ी में निर्माणाधीन नया बस स्टैंड 15 फरवरी तक पूरा होने की उम्मीद जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें