Edited By Vijay, Updated: 20 Aug, 2026 12:41 PM

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस जल्द ही आदिवासी सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। यह घोषणा अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने बुधवार को शिमला स्थित...
शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस जल्द ही आदिवासी सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। यह घोषणा अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने बुधवार को शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में की। वह लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा द्वारा राज्य कांग्रेस आदिवासी विभाग की अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए डॉ. विक्रांत भूरिया ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पूरी तरह से आदिवासी विरोधी मानसिकता रखती है। डॉ. भूरिया ने कहा कि आज देश में जिस प्रकार से आदिवासी समाज के लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं, वह अत्यंत चिंता का विषय है। भाजपा को तो आदिवासी नाम से ही नफरत है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए अभी से कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी एकजुट हों और जमीनी स्तर पर मजबूती से कार्य करें।
कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही सौंपी जाएं अहम जिम्मेदारियां : जगत सिंह नेगी
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आदिवासी विभाग के भीतर केवल कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही अहम जिम्मेदारियां सौंपी जानी चाहिए। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक अनुराधा राणा के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में आदिवासी कांग्रेस को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
जिम्मेदारी पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी: अनुराधा राणा
राज्य कांग्रेस आदिवासी विभाग का अध्यक्ष पद संभालने के उपरांत अनुराधा राणा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, वह उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का शत-प्रतिशत प्रयास करेंगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें