Edited By Vijay, Updated: 29 Mar, 2026 05:32 PM

कांगड़ा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका का शव रविवार सुबह नजदीकी खेतों से बरामद किया गया।
कांगड़ा (कालड़ा): कांगड़ा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका का शव रविवार सुबह नजदीकी खेतों से बरामद किया गया। घटना के बाद मृतका के मायका पक्ष ने ससुरालियों पर प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका की मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना के अंतर्गत लहेड (डाकघर अनसूई) निवासी तिलक राज पुत्र ईश्वर दास ने शनिवार शाम को पुलिस थाने में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी बिना बताए कहीं चली गई है। लेकिन मामले में नया मोड़ तब आया जब रविवार सुबह तिलक राज ने ही दोबारा थाने में फोन कर सूचना दी कि उसकी पत्नी का शव घर के नजदीकी खेतों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतका के परिजनों (मायका पक्ष) को सूचित किया।
मौके पर पहुंचे मायका पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2016 में तिलक राज से हुई थी। अपनी जैविक संतान न होने के कारण ससुराल वाले उसे अक्सर प्रताड़ित करते थे, जबकि उन्होंने एक बच्ची को गोद भी लिया हुआ था। परिजनों का सीधा आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। इस प्रताड़ना और हत्या के पीछे मुख्य रूप से मृतका का पति और उसकी दो ननदें जिम्मेदार हैं। परिजनों ने यह भी खुलासा किया कि ससुराल में मृतका के पति की दूसरी शादी करवाने की बातें भी चल रही थीं।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतका की माता के बयान के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा और रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें