Edited By Vijay, Updated: 24 May, 2026 10:59 PM

बॉलीवुड अभिनेत्री और आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा रविवार को गग्गल एयरपोर्ट पहुंची और वहां से सीधे धर्मशाला आईं।
धर्मशाला (सुनील): बॉलीवुड अभिनेत्री और आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा रविवार को गग्गल एयरपोर्ट पहुंची और वहां से सीधे धर्मशाला आईं। वह 26 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले टाटा आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मैच में शामिल होने के लिए यहां आईं हैं। एयरपोर्ट पर अनुष्का शर्मा कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकलीं और उन्हें देखते ही वहां मौजूद दर्शकों और फैंस में भारी उत्साह देखने को मिला। हर कोई बॉलीवुड की इस चुलबुली अभिनेत्री की एक झलक पाने को बेताब नजर आया।
बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच बसा एचपीसीए स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है। विराट कोहली यहां पहले कई मैचों में खेल चुके हैं, लेकिन अनुष्का शर्मा पहली बार धर्मशाला आईं हैं। वह पहली बार इस खूबसूरत मैदान पर अपने पति, जिन्हें दुनिया क्रिकेट का किंग मानती है, का उत्साह बढ़ाती हुई दिखेंगी। यद्यपि अनुष्का ने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के दौरान धर्मशाला में विराट की 95 रनों की पारी की सोशल मीडिया पर बहुत प्रशंसा की थी, लेकिन स्टेडियम के स्टैंड्स में बैठकर मैच देखना उनका यहां का पहला मौका होगा।
धर्मशाला में पहली बार आईपीएल का इतना बड़ा नॉकआऊट (क्वालीफायर) मैच होने जा रहा है, जिसे लेकर सिर्फ आम जनता ही नहीं बल्कि वीआईपी लोगों में भी भारी क्रेज है। अनुष्का शर्मा के अलावा इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों, नामचीन उद्योगपतियों और देश के दिग्गज राजनेताओं के धर्मशाला पहुंचने की उम्मीद है। इतने बड़े स्तर पर वीआईपी मूवमैंट को देखते हुए शहर के सभी फाइव स्टार होटलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरा धर्मशाला शहर इस समय ग्लैमर और राजनीति के बड़े चेहरों का स्वागत करने के लिए तैयार है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें