Edited By Vijay, Updated: 28 Jul, 2026 04:31 PM

विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी के समीप जयूणा मोड़ स्थित एक तालाब में 42 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
बिलासपुर (बंशीधर): विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी के समीप जयूणा मोड़ स्थित एक तालाब में 42 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान वीरेंद्र सिंह पुत्र सुख राम के रूप में हुई है, जो श्री नयनादेवी के वार्ड नंबर-4 का ही निवासी था। बताया जा रहा है कि पुलिस चौकी श्री नयनादेवी को सूचना मिली थी कि जयूणा मोड़ स्थित तालाब में एक व्यक्ति डूब गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस अधीक्षक श्री नयना देवी विक्रम बोंसरा ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके अलावा, बिलासपुर से विशेष रूप से बुलाई गई फोरैंसिक टीम ने भी मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से अहम साक्ष्य एकत्रित किए, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेज दिया। वहां चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अचानक हुई इस मौत से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें