Edited By Vijay, Updated: 09 Jan, 2026 07:27 PM

आनी भाजपा मंडल ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, विकास कार्यों की बदहाली और कांग्रेस सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
कुल्लू/आनी (ब्यूराे): आनी भाजपा मंडल ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, विकास कार्यों की बदहाली और कांग्रेस सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में स्थानीय विधायक लोकेंद्र कुमार की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दाैरान विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश में शासन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य पूरी तरह ठप्प पड़े हैं और सड़कों की हालत बदतर हो चुकी है। जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। विधायक ने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से हताश है, महिलाएं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं और किसान-बागवान लगातार संकटों से जूझ रहे हैं। स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विधायक ने कहा कि आनी नागरिक अस्पताल में महीनों से एक्स-रे मशीन खराब पड़ी है, जिसके चलते गरीब जनता को निजी क्लीनिकों में महंगे दामों पर जांच करवानी पड़ रही है।
सड़कों की दुर्दशा पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र की दर्जनों सड़कें बंद पड़ी हैं। इनमें प्रमुख रूप से राणावाग-लालू (वाया लोट), सेरी-करशाला (वाया रोढ़ीधार), कोठी-टकरायी (वाया वतोट), कंडूगाड-कांडा (वाया पटारना), बखनाओं-डूगाशिगान, कंडागई-काथला, पनैई-जावो, गूगरा-कुटवा, खैनवी कैंची-बांशा, पूनन खड्ड-गाड़ाडीम, भोजूपानी-लामीढूगरी, सिनवी-मुहान और आनी-नगाली कैंची मार्ग शामिल हैं। सड़कों के बंद होने से ग्रामीण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। विधायक ने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के लिए घोषित 1500 रुपए की सहायता राशि आज तक किसी के खाते में नहीं पहुंची है। सरकार केवल हवाई घोषणाएं कर रही है, जबकि धरातल पर काम शून्य है।
इस मौके पर भाजपा मंडलाध्यक्ष वेद ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। आनी विधानसभा क्षेत्र को जानबूझकर विकास के मामले में नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता दुनी चन्द ठाकुर ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया और बंद सड़कों को बहाल नहीं किया गया, तो भाजपा इस आंदोलन को और उग्र करेगी।