Edited By Vijay, Updated: 20 Aug, 2026 04:11 PM

कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कैंचीमोड़ (करमाला) के समीप गुरुवार को एक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक कार से जा टकराई। इस टक्कर में पंजाब के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं....
स्वारघाट (रोहित): कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कैंचीमोड़ (करमाला) के समीप गुरुवार को एक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक कार से जा टकराई। इस टक्कर में पंजाब के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए एम्स बिलासपुर में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार बठिंडा (पंजाब) निवासी लखविन्द्र सिंह (30) पुत्र बाबा सिंह और बलविन्द्र सिंह (30) पुत्र राम सिंह कुल्लू जिले के मणिकर्ण स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गए थे। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे जब वे अपनी बाइक पर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी कैंचीमोड़ के पास वे हादसे का शिकार हो गए।
बताया जा रहा है कि कीरतपुर की तरफ जा रही इनकी बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। करमाला के पास पहुंचते ही चालक का नियंत्रण बिगड़ा और बाइक सीधे सड़क किनारे खड़ी एक कार के पिछले हिस्से में जा घुसी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला शीशा पूरी तरह टूट कर चकनाचूर हो गया और दोनों बाइक सवार छिटक कर बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सीएचसी स्वारघाट की 108 एम्बुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों द्वारा दोनों घायल युवकों को बिलासपुर एम्स ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। दूसरी ओर, स्वारघाट पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर इस सड़क हादसे के असल कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें