Edited By Vijay, Updated: 27 Dec, 2025 04:55 PM

हिमाचल प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे 108 और 102 एंबुलैंस कर्मचारियों का प्रदर्शन शनिवार को अपने चरम पर पहुंच गया।
मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे 108 और 102 एंबुलैंस कर्मचारियों का प्रदर्शन शनिवार को अपने चरम पर पहुंच गया। जिला मुख्यालय मंडी में रोष रैली के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आक्रोशित कर्मचारी ने खुद पर तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और उसे पीछे धकेल दिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
कंपनी प्रबंधन की निकाली शव यात्रा, फूंका पुतला
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शहर के मुख्य मार्गों पर प्रबंधन की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। तनावपूर्ण माहौल तब बना जब कर्मचारी प्रबंधन का पुतला जला रहे थे ताे उसी समय एक कर्मचारी ने खुद को आग लगाने का प्रयास किया। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी उनका लंबे समय से आर्थिक और मानसिक शोषण कर रही है।
दो दिवसीय हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं ठप्प
यूनियन के आह्वान पर शनिवार रात 12 बजे तक की दो दिवसीय हड़ताल के कारण जिले भर में एंबुलैंस सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। यूनियन के जिला प्रधान सुमित कपूर और महासचिव पंकज कुमार ने बताया कि प्रदेश के करीब 1300 कर्मचारी अपनी जायज मांगों के लिए लड़ रहे हैं। हड़ताल के चलते मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
यूनियन नेताओं ने सरकार और प्रबंधन को दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो यह आंदोलन अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि हड़ताल में शामिल किसी भी कर्मचारी को प्रताड़ित करने की कोशिश की गई, तो उसका कड़ा विरोध होगा और भविष्य में होने वाली किसी भी अव्यवस्था के लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।