Edited By Vijay, Updated: 13 May, 2026 11:46 AM

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है। उपमंडल जोगिंद्रनगर के द्राहल क्षेत्र में रंगड़ों के हमले ने एक परिवार को अस्पताल पहुंचा दिया। स्कूल के पास हुए इस अचानक हमले में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चे बुरी तरह घायल हो गए...
जोगिंद्रनगर (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है। उपमंडल जोगिंद्रनगर के द्राहल क्षेत्र में रंगड़ों के हमले ने एक परिवार को अस्पताल पहुंचा दिया। स्कूल के पास हुए इस अचानक हमले में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चे बुरी तरह घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मतकेहड़ गांव की रहने वाली 28 वर्षीय संगीता अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए द्राहल पहुंची थीं। जैसे ही वे स्कूल के करीब पहुंचे, अचानक रंगड़ों के एक झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। रंगड़ों ने संगीता को निशाना बनाते हुए उनके शरीर पर दर्जनों जगह डंक मार दिए। मां को बचाने और खुद को सुरक्षित करने की कोशिश में उनका 11 वर्षीय बेटा साहिल और 8 वर्षीय बेटी मुस्कान भी इस हमले का शिकार हो गए।
घटनास्थल पर मची चीख-पुकार को सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। रंगड़ों का हमला इतना जबरदस्त था कि संगीता की हालत गंभीर बनी हुई है। बच्चों को भी शरीर पर गहरे घाव आए हैं। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और तीनों घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया, जहां उनका इमरजैंसी इलाज शुरू किया गया।
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के एसएमओ डॉ. विकास नाथ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल में तीन घायलों को भर्ती किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला और बच्चों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। रंगड़ों के डंक काफी गहरे हैं, लेकिन पूरी मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। इस घटना के बाद से इलाके के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें