Edited By Vijay, Updated: 13 May, 2026 07:54 PM

पालमपुर के बिंद्रावन क्षेत्र में बिजली बहाल करने के दौरान करंट लगने से रानीताल निवासी 29 वर्षीय मोहन लाल उर्फ मोनू की दर्दनाक मौत के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा रानीताल पहुंचे और शोक संतप्त...
कांगड़ा (अविनाश): पालमपुर के बिंद्रावन क्षेत्र में बिजली बहाल करने के दौरान करंट लगने से रानीताल निवासी 29 वर्षीय मोहन लाल उर्फ मोनू की दर्दनाक मौत के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा रानीताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सांसद अनुराग शर्मा को पीड़ित परिवार के घर जाकर स्थिति का जायजा लेने तथा परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक राहत प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
इस दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर बातचीत भी करवाई। मुख्यमंत्री ने परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने डीसी तथा विद्युत विभाग के चीफ इंजीनियर को मामले की विस्तृत जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि जांच में विभागीय लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी मुआवजा अधिनियम के तहत 15.28 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा 5 लाख रुपए ग्रुप इंश्योरैंस के माध्यम से प्रक्रिया में हैं तथा जिला प्रशासन की ओर से 4 लाख रुपए की राहत राशि मंजूर की गई है। इस प्रकार पीड़ित परिवार को कुल 24.28 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कांगड़ा के प्रधान नागेश्वर मनकोटिया तथा एचपीएमसी जिला कांगड़ा के चेयरमैन निशु मोंगरा भी मौजूद रहे। सांसद अनुराग शर्मा ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए परिवार को इस दुखद समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें