Edited By Vijay, Updated: 27 May, 2026 06:43 PM

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में जहालमा नाले के पास हुए भूस्खलन ने यातायात की रफ्तार रोक दी है। मार्ग बाधित होने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।
केलांग (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में जहालमा नाले के पास हुए भूस्खलन ने यातायात की रफ्तार रोक दी है। मार्ग बाधित होने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। बुधवार को जिला उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष किरण भड़ाना ने खुद ग्राऊंड जीरो पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मार्ग को हर हाल में जल्द बहाल कर यातायात सुचारू किया जाए।
पंचायत चुनावों के चलते प्रशासन की बढ़ी टैंशन
सड़क का यह हिस्सा ऐसे समय में टूटा है जब जिले में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया जोरों पर है। उपायुक्त किरण भड़ाना ने स्पष्ट किया कि सड़क बाधित होने से न केवल स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि आवश्यक सेवाएं भी रुक गई हैं। प्रशासन की सबसे बड़ी चिंता पोलिंग पार्टियों, चुनाव कर्मियों और मतदान पेटियों को समय पर उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाना है, जो कि इस वक्त प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
शाम तक छोटे वाहनों के लिए खुल सकता है वैकल्पिक मार्ग
निरीक्षण के दौरान सीमा सड़क संगठन 94 आरसीसी के ओसी मेजर पारस कोचर ने उपायुक्त को जमीनी हकीकत से अवगत करवाया। उन्होंने जानकारी दी कि फंसे हुए यातायात को निकालने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है और यह कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मेजर कोचर ने आश्वासन दिया कि यदि मौसम ने साथ दिया, तो आज शाम तक इस वैकल्पिक मार्ग को छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
पल-पल की स्थिति पर प्रशासन की नजर
उपायुक्त किरण भड़ाना ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन BRO के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। हालात पर पल-पल की नजर रखी जा रही है ताकि आम जनता और पर्यटकों को कम से कम असुविधा हो, और चुनाव संबंधी सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ केलांग की एसडीएम कुनिका एकर्स और बीडीओ विवेक गुलेरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें