Edited By Vijay, Updated: 16 Jun, 2022 10:48 PM

बिलासपुर जिले में पुलिस ने 2 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 18.67 ग्राम चिट्टा पकड़ने में सफलता हासिल की है। इन दोनों मामलों में पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
बिलासपुर (संतोष): बिलासपुर जिले में पुलिस ने 2 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 18.67 ग्राम चिट्टा पकड़ने में सफलता हासिल की है। इन दोनों मामलों में पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार पहले मामले में बिलासपुर पुलिस के मुख्य आरक्षी अजय कुमार पर आधारित टीम सदर क्षेत्र में गश्त करते हुए जब बिलासपुर शहर के रौड़ा सैक्टर में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला के पास पहुंची तो स्कूल मैदान के गेट के साथ वाली पगडंडी पर चल रहा युवक अचानक पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया। उसने एकदम पीछे की ओर मुड़ कर दौड़ लगा दी। इस दौरान युवक ने अपनी जेब से कुछ निकाल कर फैंका। पुलिस ने जब युवक को काबू कर उसके द्वारा फैंकी हुई वस्तु की जांच की तो वह फ्वाइल पेपर के अंदर लिपटा हुआ चिट्टा पाया गया, जिसका वजन 2.67 ग्राम निकला। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने यह चिट्टा रौड़ा सैक्टर के ही एक दूसरे युवक से खरीदा है तथा पुलिस को यह भी पता चला कि वह युवक इस चिट्टे को खैरियां गांव के एक अन्य युवक से खरीद कर आगे बेचता है।
दूसरे मामले में कोट कहलूर पुलिस थाना की टीम ने जब रात्रि गश्त के दौरान माजरा गांव में पहुंची तो उसे वहां एक युवक वर्षाशालिका में बैग लिए खड़ा दिखा। पुलिस की गाड़ी को देख उक्त युवक ने बैग सहित भागने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने वर्षाशालिका के बाहर ही उसे काबू कर लिया। पुलिस ने जब शक के आधार पर युवक व उसके बैग की तलाशी ली तो बैग से पाॅलीथीन में लिपटा चिट्टा मिला, जिसका वजन 16 ग्राम पाया गया। डीएसपी मुख्यालय राज कुमार ने बताया कि पुलिस थाना कोट कहलूर व पुलिस थाना सदर में आरोपियों के खिलाफ एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here