Edited By Vijay, Updated: 09 May, 2026 11:27 PM

राजधानी शिमला में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है।
शिमला (ब्यूरो): राजधानी शिमला में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस के स्पैशल सैल ने लालपानी क्षेत्र में नाकाबंदी कर पंजाब के 2 युवकों को 10 ग्राम चिट्टे और नकदी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी एक वाहन में सवार होकर शिमला में नशे की डिलीवरी देने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार स्पैशल सैल शिमला की टीम सुबह के समय लालपानी बस स्टॉप क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन में सवार 2 व्यक्ति शिमला शहर में चिट्टे की सप्लाई करने आ रहे हैं। यह भी बताया गया कि वे लालपानी में किसी को डिलीवरी देने के लिए रुकने वाले हैं। इस पुख्ता सूचना के मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और लालपानी टी-स्टॉल के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में वहां एक संदिग्ध वाहन पहुंचा, जिसे पुलिस ने चैकिंग के लिए रोका।
जब पुलिस ने वाहन और उसमें बैठे दोनों युवकों की तलाशी ली, तो उनके पास से 10 ग्राम चिट्टा और कुछ नकदी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान निशान सिंह निवासी जिला फिरोजपुर (पंजाब) और गुरप्रीत सिंह निवासी जिला कपूरथला (पंजाब) के रूप में की गई है। पुलिस ने चिट्टा, नकदी और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना शिमला में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस मामले को लेकर एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह खेप शिमला में किसे दी जानी थी और इसके पीछे कौन सा बड़ा नैटवर्क सक्रिय है। इसके अलावा आरोपियों के बैंक खातों की भी गहनता से जांच की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ के बाद इस मामले में कुछ अन्य आरोपियों की भी जल्द धरपकड़ हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें