Edited By Vijay, Updated: 13 May, 2026 11:15 AM

मुबारिकपुर-तलवाड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित नकड़ोह गांव में तेज रफ्तार के कहर ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। यहां एक अनियंत्रित बाइक ने आगे चल रही स्कूटी को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि स्कूटी करीब कई मीटर तक घिसटती चली गई।
दौलतपुर चौक (परमार): मुबारिकपुर-तलवाड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित नकड़ोह गांव में तेज रफ्तार के कहर ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। यहां एक अनियंत्रित बाइक ने आगे चल रही स्कूटी को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि स्कूटी करीब कई मीटर तक घिसटती चली गई। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा गत सायं करीब 5 बजे नकड़ोह बाजार के समीप हुआ। कुनेरन निवासी 70 वर्षीय मुलख राज पुत्र तेजा राम अपनी स्कूटी पर मुबारिकपुर की ओर से आ रहे थे। उसी दिशा से एक बाइक भी पीछे आ रही थी। जैसे ही मुलख राज ने अपनी स्कूटी को मुख्य सड़क से सत्संग रोड की ओर मोड़ा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक स्कूटी को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई और अंत में दोनों वाहन सड़क किनारे नाले में जा गिरे।
वाहनों के टकराने की तेज आवाज सुनकर स्थानीय दुकानदार और लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक मुलख राज दम तोड़ चुके थे। हादसे में बाइक सवार दो युवक इंतजार (25) और अमजद (25) दोनों पुत्र उस्मान निवासी दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अम्ब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार घनारी कुलताज सिंह के निर्देश पर कानूनगो सतपाल, पटवारी विपन कुमार, पवन कुमार, कृष्ण देव और साहिल शर्मा मौके पर पहुंचे। वहीं, अम्ब थाना से एएसआई रजनीश की अगुवाई में पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें