Edited By Vijay, Updated: 09 Jun, 2026 03:31 PM

बिलासपुर जिले के पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पल्थी में फोरलेन पर गश्त के दौरान एक कार से 5.9 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
घुमारवीं (जम्वाल): बिलासपुर जिले के पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पल्थी में फोरलेन पर गश्त के दौरान एक कार से 5.9 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मौके पर ही कार सवार दोनों नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक घुमारवीं थाने के पुलिस कर्मचारी अजीत कुमार अपनी टीम के साथ पल्थी फोरलेन पर रूटीन गश्त पर तैनात थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार (HP 01AB-6777) को पुलिस ने चैकिंग के लिए रोका। जब पुलिस ने कार और उसमें बैठे लोगों की गहनता से तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुल 5.9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को तुरंत कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोबिन मेहता (29) पुत्र रविन्द्र सिंह मेहता और दिनेश कुमार (48) पुत्र सूरत सिंह निवासी गांव मसौर, तहसील घुमारवीं व जिला बिलासपुर के रूप में की गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस नशे की खेप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज तलाशने में जुट गई है। डीएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से भी पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को अपने आसपास नशे की खरीद-फरोख्त या किसी संदिग्ध गतिविधि की भनक लगती है, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें