Edited By Vijay, Updated: 16 Apr, 2026 11:34 PM

जिला सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को चिट्टा और मेथाम्फेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया है।
परवाणू (विकास): जिला सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को चिट्टा और मेथाम्फेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी परवाणू के एक निजी होटल में चल रही पार्टी में नशे की सप्लाई देने जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम को ये सफलता 11 अप्रैल की मध्यरात्रि को मिली है। टीम ने परवाणू क्षेत्र में नाका लगा रखा था। इस दौरान संदेह के आधार पर एक ब्रेजा कार को जांच के लिए रोका गया। कार में हरियाणा के नारायणगढ़ निवासी 2 व्यक्ति (आयु 42 व 38 वर्ष) सवार थे। तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए, जब उनके कब्जे से 11.45 ग्राम चिट्टा और 3.56 ग्राम मेथाम्फेटामाइन बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी परवाणू के एक निजी होटल में आयोजित पार्टी में नशे की खेप पहुंचाने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने थाना परवाणू में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी सोलन अभिषेक शेखर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। वर्तमान में उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नशे के इस नेटवर्क और उनके संपर्कों का पता लगाया जा सके। साथ ही, आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी बड़े चेहरे को बख्शा नहीं जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें