Edited By Vijay, Updated: 14 Apr, 2026 06:59 PM

चम्बा पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अपने सख्त अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पठानकोट-चम्बा-भरमौर नेशनल हाईवे पर ट्रक यूनियन बालू के समीप पुलिस ने एक युवक को चिट्टे के साथ रंगे हाथों दबोचा है।
चम्बा (काकू): चम्बा पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अपने सख्त अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पठानकोट-चम्बा-भरमौर नेशनल हाईवे पर ट्रक यूनियन बालू के समीप पुलिस ने एक युवक को चिट्टे के साथ रंगे हाथों दबोचा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम एएसआई परमेश शर्मा की अगुवाई में बालू के समीप गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से 10.53 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसे देख टीम भी सतर्क हो गई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विजय कुमार (25) निवासी गांव चौभिया, डाकघर सेरकाओ, तहसील भरमौर व जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना चम्बा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
मामले की पुष्टि करते हुए चम्बा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया गया है। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस किसी भी ऐसे अपराधी को बख्शने के मूड में नहीं है और भविष्य में भी ऐसी धरपकड़ जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें