शिमला में अतिक्रमण हटाने को लेकर बवाल, सामान जब्त होने पर MC की गाड़ी के नीचे लेटी महिला

Edited By Vijay, Updated: 18 Aug, 2026 04:26 PM

woman lying under the municipal corporation vehicle

राजधानी शिमला के बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन इसके साथ ही तहबाजारियों का विरोध भी तेज हो गया है। मंगलवार को शिमला के लक्कड़ बाजार में उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला...

शिमला (वंदना): राजधानी शिमला के बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन इसके साथ ही तहबाजारियों का विरोध भी तेज हो गया है। मंगलवार को शिमला के लक्कड़ बाजार में उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ मुहिम का विरोध करते हुए एक महिला तहबाजारी एमसी की गाड़ी के नीचे लेट गई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को नगर निगम की टीम लक्कड़ बाजार स्थित नो वेंडिंग जोन में अवैध रूप से बैठे तहबाजारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। टीम ने जब वहां बैठे वेंडर्स का सामान जब्त करना शुरू किया, तो एक महिला ने इसका कड़ा विरोध किया। महिला का आरोप था कि नगर निगम उन्हें उजाड़ने का काम कर रहा है। सामान छिनने से परेशान महिला रोते हुए पहले निगम की गाड़ी के आगे खड़ी हो गई और फिर अचानक गाड़ी के नीचे जाकर लेट गई, जिससे एमसी का वाहन काफी देर तक वहीं फंसा रहा।

चेतावनी के बाद भी नहीं हिली महिला, पुलिस ने निकाला बाहर
इस घटनाक्रम के चलते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। नगर निगम के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने महिला को समझाने का काफी प्रयास किया। निगम कर्मियों ने महिला को सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी, लेकिन महिला टस से मस नहीं हुई। अंततः स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला को समझा-बुझाकर गाड़ी के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद ही निगम की गाड़ी वहां से आगे बढ़ सकी।

कोर्ट के आदेशों का हो रहा पालन, सिर्फ चिन्हित स्थानों पर ही बैठें वेंडर
इस पूरे घटनाक्रम पर नगर निगम प्रशासन ने अपना रुख स्पष्ट किया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि बाजारों, सड़कों और रास्तों से अवैध अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के सख्त आदेशों के तहत की जा रही है। रिज मैदान से लेकर लक्कड़ बाजार और आईजीएमसी रोड तक कार्रवाई के बावजूद तहबाजारी बार-बार वहीं आकर बैठ रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लक्कड़ बाजार और लोअर बाजार को पूरी तरह से नो वेंडिंग जोन घोषित किया गया है। यहां दुकानों के बाहर किसी भी तहबाजारी को बैठने की अनुमति नहीं है। तहबाजारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे केवल उन्हीं स्थानों पर बैठें, जो नगर निगम द्वारा उनके लिए चिन्हित किए गए हैं। नियम तोड़ने वालों का सामान इसी तरह जब्त किया जाता रहेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!