पहले सिर फोड़ा...अब दी जान से मारने की धमकी, पड़ोसियों से तंग आकर स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी ने DC ऑफिस के बाहर दिया धरना

Edited By Vijay, Updated: 25 Jun, 2026 02:46 PM

wife of freedom fighter protest outside the dc office

बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले एक स्वतंत्रता सेनानी की 90 वर्षीय पत्नी आज अपने ही पुश्तैनी मकान की मुरम्मत के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।

बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले एक स्वतंत्रता सेनानी की 90 वर्षीय पत्नी आज अपने ही पुश्तैनी मकान की मुरम्मत के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। घुमारवीं की ग्राम पंचायत करलोटी की रहने वाली इस बुजुर्ग महिला ने पड़ोसियों की प्रताड़ना और स्थानीय प्रशासन की अनदेखी से तंग आकर परिवार सहित डीसी कार्यालय बिलासपुर के बाहर करीब 2 घंटे तक धरना दिया। इसके बाद उन्होंने डीसी बिलासपुर को अपना शिकायत पत्र सौंपकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

मुरम्मत करने से रोका, जान से मारने की दीं धमकियां
शिकायतकर्ता 90 वर्षीय राम प्यारी पत्नी स्वर्गीय अमर नाथ डोगरा (स्वतंत्रता सेनानी) ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि उनके पुश्तैनी मकान की छत पूरी तरह से गल-सड़ चुकी है और कभी भी गिर सकती है। जब उन्होंने मिस्त्री लगाकर मुरम्मत शुरू करवाई, तो गांव के ही एक व्यक्ति ने काम रुकवा दिया। महिला के अनुसार जिस जमीन पर मकान है, उसकी तक्सीम अभी नहीं हुई है और उस पर स्टे लगा है, लेकिन कानूनन इस स्टे में मकान की मुरम्मत की अनुमति होती है। आरोप है कि जब महिला ने इसका विरोध किया तो उक्त परिवार ने उनके साथ मारपीट की और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकियां दीं। बुजुर्ग ने खुलासा करते हुए बताया कि इससे पहले भी इस परिवार ने उन पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें उनके सिर पर 15 टांके लगे थे।

जर्जर मकान में सांप के काटने से जा चुकी है पोती की जान
बुजुर्ग महिला ने बताया कि उन्हें ठीक से दिखाई और सुनाई भी नहीं देता। बेटे काम के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं, जिसके चलते वह अपनी पुत्रवधू और छोटे-छोटे मासूम बच्चों के साथ इस खस्ताहाल मकान में रहने को मजबूर हैं। बरसात में छत गिरने का डर तो है ही, लेकिन इससे भी बड़ा खौफ जहरीले जीवों का है। भावुक होते हुए महिला ने बताया कि इस पुराने जर्जर मकान के कारण पहले ही उनकी पोती की सांप के काटने से दर्दनाक मौत हो चुकी है। आज भी मकान से लगातार सांप निकलते रहते हैं, जिससे हर पल जान का खतरा बना रहता है।

घुमारवीं पुलिस और प्रशासन पर लगाए अनदेखी के आरोप
बुजुर्ग महिला ने घुमारवीं पुलिस और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी तरफ से कोई सहयोग नहीं मिला, जिसके चलते उन्हें इस उम्र में डीसी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठना पड़ा। वहीं, इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने तुरंत एक्शन लिया है। डीसी ने बताया कि बुजुर्ग महिला की पीड़ा को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम घुमारवीं को प्राथमिकता के आधार पर जमीन की तक्सीम का कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जमीनी हकीकत जानने के लिए फील्ड स्टाफ को तुरंत मौके पर भेज दिया गया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!