Edited By Vijay, Updated: 11 Dec, 2024 06:07 PM
हिमाचल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। स्थिति ये है कि प्रदेश के कई हिस्सों मेंं न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में भारी ठंड पड़ रही है और शाम होते ही लोग ठंड से कंपकपा रहे हैं।
शिमला (राजेश): हिमाचल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। स्थिति ये है कि प्रदेश के कई हिस्सों मेंं न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में भारी ठंड पड़ रही है और शाम होते ही लोग ठंड से कंपकपा रहे हैं। ऊना, सुंदरनगर और बरठीं जैसे मैदानी क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। स्थिति ये है कि इन क्षेत्रों में शिमला और मनाली से भी ज्यादा सर्दी पड़ रही है। माइनस तापमान के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो गया है, और लोग सर्दी से बचने के उपाय तलाश रहे हैं।
इन जिलों का न्यूनतम तापमान माइनस में रिकॉर्ड
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बुधवार को हिमाचल प्रदेश के 5 जिलों का न्यूनतम तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया। वहीं अन्य जिलों का तापमान शून्य के करीब रहा। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, मंडी और ऊना जिलों के 6 शहरों में पारा शून्य से नीचे दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के ताबो में सबसे कम तापमान -10.7 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कुकुमसेरी में -6.2 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में -1.4 डिग्री, बिलासपुर के बरठीं में -0.9 डिग्री, ऊना में -0.6 डिग्री और मंडी जिले के सुंदरनगर में -0.1 डिग्री सैल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा सोलन में 0.5 डिग्री, भुंतर में 0.4 डिग्री, रिकांगपिओ में 0.2 डिग्री, हमीरपुर में 0.1 डिग्री, नारकंडा में 1 डिग्री, मंडी में 1.1 डिग्री, बिलासपुर में 1.4 डिग्री, समधो व पालमपुर में 1.5 डिग्री, भरमौर में 1.8 डिग्री, कांगड़ा में 2 डिग्री, चम्बा में 2.1 डिग्री और धर्मशाला व सराहन में 4.4 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इन जिलों में बर्फबारी की संभावना, 13 से 17 दिसम्बर तक मौसम साफ
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में यानी 12 दिसम्बर को हिमाचल के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चम्बा और कांगड़ा जिला के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। इसके अलावा 13 से 17 दिसम्बर तक पूरे राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इससे लोग राहत महसूस कर सकते हैं, लेकिन बर्फबारी की संभावना वाले इलाकों में सर्दी और बढ़ सकती है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here