NCC एयर विंग के कैंप में वल्लभ कॉलेज मंडी का दबदबा, ओवरऑल चैंपियन के खिताब पर जमाया कब्जा

Edited By Vijay, Updated: 14 Jul, 2026 05:51 PM

vallabh college mandi dominates at the ncc air wing camp

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के परिसर में चल रहा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एयर विंग का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-223) मंगलवार को संपन्न हो गया।

हमीरपुर (ब्यूरो): राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के परिसर में चल रहा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एयर विंग का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-223) मंगलवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता शिविर के कमांडैंट एवं 1-एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी (कुल्लू) के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने की और विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कृत किया।

कॉलेजों के वर्ग में वल्लभ राजकीय कॉलेज मंडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। एसोसिएट एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन के नेतृत्व में मंडी कॉलेज ने सर्वाधिक 18 स्वर्ण और 9 रजत पदक जीते। इसके साथ ही ड्रिल और अनुशासन की प्रतिष्ठित ट्रॉफी भी इसी संस्थान ने हासिल की। वहीं, फ्लाइंग ऑफिसर निश्चल शर्मा के नेतृत्व में डिग्री कॉलेज कुल्लू ने 11 स्वर्ण और 16 रजत पदकों के साथ प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

स्कूलों के वर्ग में डीएवी स्कूल मंडी ने 4 स्वर्ण और 8 रजत पदक जीतकर समग्र चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। जबकि, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पनारसा 4 स्वर्ण और 4 रजत पदकों के साथ उपविजेता रहा। व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में भी कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सीनियर वर्ग में कुल्लू कॉलेज के अभिषेक और वंशिका को अपने-अपने वर्गों में बैस्ट कैडेट चुना गया। जूनियर वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पनारसा के तरुण और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जरी की प्रिया गुरुंग बैस्ट कैडेट रहीं। मंडी कॉलेज के मनीष को बैस्ट एथलीट घोषित किया गया। वहीं, ड्रिल प्रतियोगिता में मंडी कॉलेज और डीएवी स्कूल मंडी ने अपने-अपने वर्गों में पहला स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग की .22 राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में मंडी कॉलेज के शिवम ठाकुर और आईआईटी मंडी की भाग्यश्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी तरह स्कीट शूटिंग प्रतियोगिता में मंडी कॉलेज के यतिंद्र और दीपिका अव्वल रहे।

इस अवसर पर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने सभी विजेताओं को बधाई दी और कैडेट्स के उच्च मनोबल, समर्पण व अनुशासन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एटीसी-223 शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र सेवा की भावना का विकास करना था। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए एनआईटी के निदेशक प्रो. एचएन सूर्यवंशी, संस्थान के अधिकारियों-कर्मचारियों, एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ, एरो मॉडलिंग टीम और मोटिवेशनल स्पीकर्स का विशेष आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, लघु नाटिका और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब समां बांधा। इससे पहले, शिविर के समापन की पूर्व संध्या पर कैडेट्स के अलावा हिमाचल प्रदेश के मशहूर कलाकारों व एक म्यूजिकल बैंड ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सबका भरपूर मनोरंजन किया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!