Kullu: आनी के नाग पटारनी मंदिर में सेंधमारी, सोने-चांदी के आभूषणों सहित नकदी ले उड़े चोर

Edited By Vijay, Updated: 22 Aug, 2026 09:59 PM

theft in temple thieves steal gold and silver jewellery

कुल्लू जिले के विकास खंड आनी के अंतर्गत पटारनी स्थित प्रसिद्ध नाग पटारनी मंदिर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बेखौफ चोरों ने देर रात मंदिर को निशाना बनाते हुए करीब 50 ग्राम सोना, 15 तोले चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर...

आनी: कुल्लू जिले के विकास खंड आनी के अंतर्गत पटारनी स्थित प्रसिद्ध नाग पटारनी मंदिर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बेखौफ चोरों ने देर रात मंदिर को निशाना बनाते हुए करीब 50 ग्राम सोना, 15 तोले चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। आस्था के केंद्र में हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और रोष है।

रात 2 बजे आहट सुनकर पहुंचे ग्रामीण, आंखों के सामने भागा चोर
स्थानीय ग्रामीण तारा चंद ने बताया कि रात करीब 2 बजे उन्हें मंदिर की ओर से कुछ संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। अनहोनी की आशंका के चलते जब वह तुरंत मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने एक व्यक्ति को मंदिर से बाहर निकलकर भागते हुए देखा। चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। इसके बाद जब ग्रामीणों ने मंदिर के अंदर जाकर देखा, तो वहां से भगवान के आभूषण और नकदी गायब थी, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। मंदिर के कारदार संतोष ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चोर देर रात मंदिर में घुसे और सोने-चांदी के आभूषणों सहित नकदी ले उड़े। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है और चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस वारदात ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। नाग पटारनी मंदिर में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं थे, जिसके कारण अब चोरों की पहचान करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से कड़ी मांग की है कि चोरी की इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और लूटा गया सोना, चांदी व नकदी बरामद की जाए। इसके साथ ही लोगों ने अपील की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!