Himachal: स्वाइन फ्लू पॉजिटिव बुजुर्ग की IGMC में मौत! स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Edited By Vijay, Updated: 30 Aug, 2026 07:25 PM

swine flu positive elderly person dies at igmc

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बिलासपुर जिले के एक 64 वर्षीय मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रामाशीष राम निवासी साई डोभा व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बिलासपुर जिले के एक 64 वर्षीय मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रामाशीष राम निवासी साई डोभा व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। मरीज की मेडिकल रिपोर्ट में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) संक्रमण की पुष्टि हुई थी। हालांकि, राज्य स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरीज पहले से ही फेफड़ों की कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे, जो उनकी मृत्यु का प्राथमिक कारण बनीं।

13 अगस्त को गंभीर हालत में हुए थे भर्ती
अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, मरीज रामाशीष राम को 13 अगस्त को सांस लेने में भारी तकलीफ और अत्यंत गंभीर हालत में आईजीएमसी में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उनकी गहन जांच की। इसी प्रक्रिया में जब उनका सैंपल लिया गया, तो 29 अगस्त को उनकी एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का लगातार प्रयास किया, लेकिन मरीज के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया।

सिर्फ स्वाइन फ्लू नहीं, फेफड़ों की बीमारी थी मुख्य वजह
डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग ने इस मौत के बाद स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि इस मृत्यु को केवल एच1एन1 संक्रमण का परिणाम मानना सही नहीं होगा। मेडिकल रिकॉर्ड के अनुसार, मरीज पहले से ही इंटरस्टिशियल लंग डिजीज और लोअर लोब निमोनिया जैसी गंभीर श्वसन बीमारियों से ग्रसित थे। इन पूर्ववर्ती गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं के कारण उनके फेफड़े बेहद कमजोर हो चुके थे और उनका शरीर एच1एन1 संक्रमण से लड़ने में असक्षम हो गया।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट,  इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
इस मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश की आम जनता, विशेषकर बुजुर्गों और पहले से बीमार चल रहे लोगों के लिए एहतियातन अलर्ट जारी किया है। विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि यदि किसी भी व्यक्ति को तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश या सांस लेने में कठिनाई जैसे एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के लक्षण दिखाई दें, तो वे इसे हल्के में न लें और तुरंत नजदीकी अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श करें।

बुजुर्ग और मरीज भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचें
स्वास्थ्य विभाग ने सख्त सलाह दी है कि बुजुर्ग नागरिक और वे लोग जिन्हें पहले से फेफड़ों, हृदय रोग या अन्य कोई गंभीर बीमारी है, वे अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। इसके अलावा, आम जनता से अपील की गई है कि खांसते और छींकते समय अपने मुंह और नाक को रुमाल या टिश्यू से ढककर रखें, हाथों की साफ-सफाई का ध्यान रखें तथा केवल चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही दवाइयों का सेवन करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!