Edited By Vijay, Updated: 16 May, 2026 03:56 PM

पुलिस चौकी खारसी के अंतर्गत आने वाले गांव सायर में एक घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने शराब के नशे में धुत्त होकर अपने ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
बरमाणा (बंशीधर): पुलिस चौकी खारसी के अंतर्गत आने वाले गांव सायर में एक घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने शराब के नशे में धुत्त होकर अपने ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में युवक के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद एम्स कोठीपुरा रैफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक कथित तौर पर अत्यधिक शराब के नशे में धुत्त होकर अपने घर पहुंचा। घर आते ही उसने अपनी माता, पिता और पत्नी के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो युवक तैश में आ गया और उसने सभी के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने अपने पिता राम लाल पर छुरी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। बीच-बचाव करने आई आरोपी की मां और पत्नी को भी इस घटना में चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्कंड ले जाया गया। वहां के चिकित्सकों ने राम लाल की गंभीर स्थिति और गहरी चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर और आगामी इलाज के लिए तुरंत एम्स कोठीपुरा के लिए रैफर कर दिया। मामले की जांच के दौरान आरोपी के बड़े भाई किशोरी लाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उसने बताया कि उसका छोटा भाई आए दिन शराब के नशे में घर में झगड़ा और उत्पात मचाता रहता है, लेकिन इस बार उसने हद पार करते हुए पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित पुलिस थाने में विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें