Edited By Vijay, Updated: 26 Nov, 2026 02:48 PM

संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी के इतिहास पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया है। समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. बिंदल ने...
अर्की (सुरेंद्र): संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी के इतिहास पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया है। समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. बिंदल ने जहां एक ओर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित किए, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पर व्यक्तिगत स्वार्थों के लिए संवैधानिक मूल्यों को रौंदने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज जो लोग संविधान की किताब हाथ में लेकर घूम रहे हैं, उनका अपना इतिहास अपनी राजनीतिक सुविधाओं के अनुसार संविधान को तोड़ने-मरोड़ने का रहा है।
सत्ता बचाने के लिए थोपा गया था 1975 का आपातकाल
डॉ. राजीव बिंदल ने भारतीय लोकतंत्र के अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि देश के इतिहास में ऐसे अनेक अवसर आए, जब कुछ राजनीतिक नेताओं ने अपने निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए संविधान के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। उन्होंने 25 जून, 1975 को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय करार देते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने केवल अपनी सत्ता बचाने के लिए देश पर आपातकाल थोपा था। उस दौर में नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया, राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जेलों में डाल दिया गया, सामाजिक संगठनों पर प्रतिबंध लगाए गए और मीडिया की आवाज दबाने के लिए सेंसरशिप लागू कर दी गई।
निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त करने का रहा है कांग्रेस का रिकॉर्ड
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आपातकाल के उस दौर में ‘इंडिया इज इंदिरा एंड इंदिरा इज इंडिया’ जैसे नारों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन इसके बावजूद देश की जनता जागृत हुई और वर्ष 1977 में कांग्रेस के निर्णयों को नकारते हुए सत्ता परिवर्तन कर लोकतंत्र की रक्षा की। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अनेक अवसरों पर संवैधानिक प्रावधानों का दुरुपयोग करते हुए राज्यों की निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त करने का काम किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज देश का समाज पूरी तरह सजग है और संविधान के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगा।
बाबा साहेब की दूरदर्शिता और पीएम मोदी के नेतृत्व का किया उल्लेख
संविधान निर्माण की प्रक्रिया को स्मरण करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि अनेक महान देशभक्तों ने मिलकर इसकी संरचना की और बाबा साहेब अंबेडकर ने अपनी विद्वता एवं दूरदर्शिता से भारतीय जनमानस, संस्कृति और परिस्थितियों के अनुरूप संविधान को स्वरूप प्रदान किया, जो आज देश का मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप मजबूती से आगे बढ़ रहा है और समय-समय पर राष्ट्रहित में किए गए संवैधानिक परिवर्तनों को देश की जनता ने भी स्वीकार किया है। अंत में उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, राष्ट्रीय एकता और नागरिक अधिकारों का आधार है, इसलिए सभी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें