Edited By Kuldeep, Updated: 01 Aug, 2026 08:13 PM
डा. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विवि नौणी ने बढ़ाई गई फीस को कम कर दिया है। इससे छात्रों ने भी राहत की सांस ली है। विवि प्रशासन ने फीस वृद्धि में 19 हजार से 37 हजार रुपए कम किए हैं और इसे लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी है।
सोलन (पाल): डा. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विवि नौणी ने बढ़ाई गई फीस को कम कर दिया है। इससे छात्रों ने भी राहत की सांस ली है। विवि प्रशासन ने फीस वृद्धि में 19 हजार से 37 हजार रुपए कम किए हैं और इसे लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी है। विवि ने कुछ दिन पूर्व ही चालू शैक्षणिक सत्र के लिए बी.एससी. व पीजी की फीस में 25 हजार से 55 हजार की बढ़ौतरी की थी। इससे गरीब परिवारों को नौणी विवि में एडमिशन लेना एक बड़ी चुनौती बन गया था। हालांकि अभी भी फीस अधिक है लेकिन पिछले 2 दिनों से विवि प्रशासन की छात्रों के साथ हुई बैठक में फीस को कम करने का निर्णय लिया गया है।
विवि प्रशासन ने भी फीस को बढ़ाने की कुछ मजबूरियां छात्रों के सामने प्रस्तुत कीं। फीस में बढ़ौतरी करने के बाद हो रहे विरोध को देखते हुए नौणी विवि प्रशासन ने इस पर रिव्यू करने का आश्वासन दिया था। बताया जा रहा है कि वित्त कमेटी के निर्देश पर फीस को बढ़ाया गया था। इस सत्र के लिए बी.एससी. की नाॅर्मल सीट की फीस को 43,350 रुपए से बढ़ाकर 68,700 रुपए तक बढ़ाया गया था लेकिन अब इसे कम कर 49,500 रुपए किया गया है। इस तरह से छात्रों को 19,200 रुपए की राहत मिली है।
इसमें एडमिशन फीस को पहले 7,000 से 15,000 किया गया था, जिसे अब फिर से 7000 रुपए किया गया है। रजिस्ट्रेशन फीस को 5,000 से 7,500 रुपए किया गया था, जिसे अब फिर से 5000 रुपए किया गया है, ट्यूशन फीस को 12,000 से बढ़ाकर 16,500 रुपए किया गया था, जिसे घटाकर 14,000 रुपए किया गया है। खेल फीस 2,000 से 3,500 बढ़ाई गई थी, अब यह फिर से 2000 रुपए होगी। परीक्षा फीस 3,000 से 5,000 बढ़ाई गई थी, जिसे घटाकर 4000 रुपए किया गया है। मैंटीनैंस फंड 2,500 से 5,000 रुपए बढ़ाया गया था, जो अब 3000 रुपए होगा।
प्लेसमैंट गाइडैंस फीस 200 से 1,000 रुपए की गई थी, जिसे घटाकर 300 रुपए किया गया। शैक्षणिक टूर 3,500 रुपए, पहचान पत्र शुल्क 500, लाइब्रेरी कार्ड फीस 500, लाइब्रेरी सर्विस चार्ज 1,000, कॉलेज सिक्योरिटी फीस 1000, लाइब्रेरी फीस 1000, एमेल्गमेटिड फंड 2,000, मैडीकल शुल्क 1,000, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काऊटस एंड गाइड फीस 1000, छात्र एसोसिएशन फीस 500, ग्रीन चार्जिज 500, आर.ए.डब्ल्यू ट्रेनिंग 1200 व मैगजीन फीस 500 रुपए की गई है। इसी तरह बी.एससी. सैल्फ फाइनांसिंग सीट की फीस को 83,350 से बढ़ाकर 1,27,200 रुपए किया गया था। विवि प्रशासन ने इसे 1,27,000 रुपए से घटाकर 99,990 रुपए किया है। इससे छात्रों को 27,010 रुपए की राहत मिली है।
एमएससी, एमटैक व एमबीए नाॅर्मल सीट की फीस 47,550 से बढ़ाकर 87,000 रुपए की गई थी। अब इसे घटाकर 55,000 रुपए किया गया है। पीजी के छात्रों को इसमें 32,000 रुपए की राहत दी गई है। एम.एससी., एमटैक व एमबीए सैल्फ फाइनांसिंग सीट की फीस को 87,550 रुपए से बढ़ाकर 1,42,000 रुपए किया गया था। इसे भी घटाकर 1,05,000 रुपए किया गया है। इस तरह से छात्रों को इसमें 37 हजार रुपए की राहत मिली है।
नौणी विवि के कुलपति डा. एचएस बवेजा ने बताया कि उन्होंने बढ़ाई गई फीस को लेकर रिव्यू करने का आश्वासन दिया था। पिछले 2 दिनों से इसे लेकर मंथन चला हुआ था। विवि ने बढ़ाई गई फीस को अब बहुत कम कर दिया है। इससे छात्रों को बहुत बढ़ी राहत मिली है।