Solan: पब्लिक स्कूल में रैगिंग का मामला, पांच नाबालिग छात्रों पर केस दर्ज कर किए निष्कासित

Edited By Kuldeep, Updated: 07 Sep, 2026 05:29 PM

social ragging issue

डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग और छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस थाना धर्मपुर में पांच नाबालिग छात्रों के खिलाफ रैगिंग, मारपीट और धमकी देने के आरोपों में मामला दर्ज किया है।

सोलन (अमित): डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग और छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस थाना धर्मपुर में पांच नाबालिग छात्रों के खिलाफ रैगिंग, मारपीट और धमकी देने के आरोपों में मामला दर्ज किया है। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक छात्र दूसरे छात्र को थप्पड़ मारता हुआ दिखाई दे रहा है।

पुलिस के अनुसार, 6 सितम्बर को डगशाई पब्लिक स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे कुछ बच्चों के अभिभावकों ने पुलिस चौकी डगशाई में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि स्कूल की 10 जमा 1 और 10 जमा 2 कक्षाओं में पढ़ने वाले पांच छात्रों द्वारा उनके बच्चों के साथ पिछले करीब चार माह से रैगिंग एवं मारपीट की जा रही थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि 5 सितम्बर को भी बच्चों के साथ मारपीट और धमकी की घटना हुई।

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया। वीडियो में एक छात्र द्वारा दूसरे छात्र को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। पुलिस को दी गई शिकायत में अभिभावकों ने बताया कि इन घटनाओं के कारण उनके बच्चे काफी डरे हुए हैं और मानसिक रूप से परेशान हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पिछले कुछ समय से छात्रों के साथ इस प्रकार की गतिविधियां किस परिस्थितियों में और किस स्तर पर हो रही थीं।

स्कूल प्रबंधन ने पांचों छात्रों को किया निष्कासित
पुलिस द्वारा स्कूल प्रबंधन को मामले की जानकारी देने तथा अभियोग दर्ज होने से अवगत करवाने के बाद विद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई की है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार इस कृत्य में शामिल सभी पांचों छात्रों को विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है और मामले को लेकर आंतरिक जांच भी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल सभी आरोपी नाबालिग हैं। इसलिए उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की जा रही है।

एसपी ने की मामले की पुष्टि
एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वार्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग और मारपीट की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!