Edited By Vijay, Updated: 06 Jun, 2023 09:35 PM

रोहतांग सहित मनाली की चोटियों में प्रतिदिन ताजा हिमपात जारी है वहीं, मनाली और समूची ऊझी घाटी में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। यही कारण है कि सैलानी मनाली के सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। दशकों बाद सैलानियों को रोहतांग पास में वर्षभर बर्फ का...
मनाली (रमेश): रोहतांग दर्रे सहित मनाली की चोटियों में प्रतिदिन ताजा हिमपात जारी है, वहीं मनाली और समूची ऊझी घाटी में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। यही कारण है कि सैलानी मनाली के सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। दशकों बाद सैलानियों को रोहतांग पास में वर्षभर बर्फ का आनंद लेने का मौका मिलेगा जबकि लाहौल के सिस्सू में बर्फ देखने को नहीं मिल रही है। सीमा सड़क संगठन के कमांडर बीएस बचियाल ने कहा कि वर्षों बाद रोहतांग में 15 से 20 फुट तक बर्फ है। बीआरओ द्वारा इस सड़क को दोनों ओर से सिंगल ट्रैफिक के लिए बहाल कर दिया गया है, जल्द ही सड़क को पूरी तरह खोल दिया जाएगा और इसको लेकर कसरत जारी है। 3 दिन पहले विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने दौरा किया था और उन्होंने मढ़ी से आगे तक सैलानियों को जाने के लिए प्रशासन को निर्देश दिए हैं और सैलानी जा रहे हैं। सैलानी स्नो स्कूटर और घोड़ों द्वारा राहनीनाला तक पहुंच रहे हैं।

मनाली-लेह मार्ग भूस्खलन से 5 घंटे बंद रहा
मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बरालाचा दर्रे में भूस्खलन होने से 5 घंटे बंद रहा। मार्ग के बंद होने से दर्रे के दोनों ओर वाहनों की लाइन लगी रही। मंगलवार दोपहर 12 बजे बारालाचा दर्रे में भूस्खलन हो गया। बीआरओ ने सड़क बहाली की मुहिम शुरू की और 5 घंटे बाद शाम 5 बजे सड़क बहाल कर दी। सुबह के समय सब सामान्य था तथा मनाली की ओर से 300 से अधिक वाहन लेह की ओर रवाना हुए थे। हालांकि मनाली की ओर से अधिकतर वाहन बारालाचा पार कर आगे निकल गए थे लेकिन कुछ एक भूस्खलन होने से दर्रे में फंस गए थे। लेह से मनाली आ रहे सभी वाहन सरचू की ओर फंस गए थे। मार्ग बहाल होते ही सभी वाहन दर्रे के आर-पार हो गए। बारालाचा दर्रे में अधिक बर्फ होने के चलते सूरजताल से भरतपुर सिटी तक लगभग 8 किलोमीटर क्षेत्र में सड़क को वाहनों के लिए एकतरफा ही बहाल किया गया है। सुबह से शाम तक बारालाचा दर्रे में मौसम रंग बदलता रहा। कभी धूप खिली तो कभी बर्फ के फाहे गिरे। बारालाचा दर्रे में ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए बीआरओ ने दर्रे में मशीनरी तैनात की है। बीआरओ 70 आरसीसी के अधिकारी ने बताया कि सड़क बहाल कर ली गई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here