Shimla: विक्रमादित्य सिंह ने तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम समिट-2026 में प्रदेश की सतत शहरी विकास पहलों पर प्रस्तुति दी

Edited By Kuldeep, Updated: 25 Nov, 2026 08:40 PM

shimla vikramaditya mumbai

शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुंबई में आयोजित तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम समिट-2026 को संबोधित करते हुए सतत शहरी विकास, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और डिजिटल गवर्नैंस के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की पहलों एवं उपलब्धियों पर प्रस्तुति दी।

शिमला (ब्यूरो): शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुंबई में आयोजित तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम समिट-2026 को संबोधित करते हुए सतत शहरी विकास, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और डिजिटल गवर्नैंस के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की पहलों एवं उपलब्धियों पर प्रस्तुति दी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल भौगोलिक रूप से एक पहाड़ी राज्य है और यहां शहरी क्षेत्रों में नियोजित विकास गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। शिमला, धर्मशाला, सोलन, मंडी और मनाली जैसे शहर पर्यटन, धार्मिक यात्रा और व्यावसायिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य की भौगोलिक एवं पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए शहरी नियोजन के लिए सतत और पर्यावरण अनुकूल दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है। शहरी प्रशासन को मजबूत बनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों सहित कुल 76 शहरी स्थानीय निकाय हैं।

इन संस्थाओं का सशक्तिकरण और नागरिक सेवाओं में सुधार करना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत राज्य सरकार द्वारा ठोस कचरा प्रबंधन में सुधार किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ कैमिकल टैक्नोलॉजी, हैदराबाद के सहयोग से चयनित शहरी स्थानीय निकायों में छोटे स्तर के गीले कचरे से बायोगैस बनाने वाले संयंत्र स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त निर्माण इत्यादि कार्यों से निकलने वाले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना के लिए नार्वे की संस्था एसआईएनटीईएफ के साथ भी समझौता किया गया है।

डिजिटल परिवर्तन के महत्व पर विशेष बल देते हुए शहरी विकास मंत्री ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘वन स्टेट-वन पोर्टल’ पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से 138.70 करोड़ रुपए से अधिक की राजस्व मांग सृजित की गई है। विक्रमादित्य सिंह नेे कहा कि बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों के साथ शहरी विकास मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन पर चर्चा करना आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इन दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम सुनिश्चित करें। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के गतिशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार का शहरी विकास विभाग शहरी स्थानीय निकायों, नगर निगमों एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के कामकाज को बेहतर बनाने और उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!