Edited By Kuldeep, Updated: 28 Nov, 2026 07:15 PM

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी के गठन को लेकर पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा यूज एंड थ्रो यानी इस्तेमाल करो और फिर किनारे कर दो की राजनीति करती है।
शिमला (भूपिन्द्र): लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी के गठन को लेकर पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा यूज एंड थ्रो यानी इस्तेमाल करो और फिर किनारे कर दो की राजनीति करती है। भाजपा की नई कोर कमेटी में सांसद हर्ष महाजन सहित कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए कुछ नेताओं को जगह नहीं मिलने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में कई नेता बड़ी-बड़ी बातें करते थे, लेकिन नई कमेटी में उन्हें शामिल नहीं किया गया।
शिमला में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कांग्रेस सरकार और संगठन के बीच मतभेदों को लेकर भाजपा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच पूरा तालमेल है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि संगठन की जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पास है। दोनों अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए मिलकर काम कर रहे हैं। वहीं विक्रमादित्य सिंह ने आईजीएमसी में कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता डीके का कुशलक्षेम जाना और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का भी कुशलक्षेम जाना।
कुल्लू को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की पैरवी, मुख्यमंत्री भी कर रहे प्रयास
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कुल्लू जिले को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की पैरवी भी की। उन्होंने कहा कि कुल्लू कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है और जिले से कांग्रेस के दो विधायक चुनकर आए हैं। प्रदेश के लगभग सभी जिलों को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिला है, लेकिन कुल्लू जिला अभी इससे वंचित है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में किसे शामिल करना है, यह पार्टी हाईकमान और मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र का विषय है। मुख्यमंत्री भी कुल्लू को प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल कुछ पेंच अटका हुआ है। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सितारे ठीक न होने की बात कही थी, ऐसे में अब तो लगता है कि पेंच सुलझाने के लिए तंत्र-मंत्र ही करना पड़ेगा।
महिला आरक्षण के पक्ष में, 2023 का विधेयक लागू करने की मांग
महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पार्टी लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पूरी तरह पक्ष में है। कांग्रेस चाहती है कि वर्ष 2023 में संसद से पारित महिला आरक्षण विधेयक को उसी स्वरूप में लागू किया जाए।