Shimla: पेपर हुआ ही नहीं तो लीक कहां से होगा : बिंदल

Edited By Kuldeep, Updated: 17 Aug, 2026 06:39 PM

shimla paper leak

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, बढ़ते टैक्स, कर्ज और विकास कार्यों को लेकर हमला बोला।

शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, बढ़ते टैक्स, कर्ज और विकास कार्यों को लेकर हमला बोला। सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल शिमला में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद यह वादा पूरा नहीं हुआ। आज स्थिति यह है कि बड़ी संख्या में सरकारी पद रिक्त पड़े हैं और युवा वर्षों से भर्ती परीक्षाओं का इंतजार कर रहे हैं।

पेपर लीक के मामलों को लेकर सरकार के दावों पर तंज कसते हुए बिंदल ने कहा कि जब पेपर ही नहीं हुआ तो लीक कहां से होगा? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पारदर्शी परीक्षा और इंटरव्यू के माध्यम से युवाओं को रोजगार देने के बजाय ऐसी नियुक्तियों पर जवाब दे, जिनमें न लिखित परीक्षा हुई और न इंटरव्यू। ऐसे में सरकार को बताना चाहिए कि ऐसी नियुक्तियों की चयन प्रक्रिया क्या रही और विभिन्न विभागों व संस्थानों में कितने लोगों को इस तरीके से लगाया गया। भाजपा ने ऐसी नियुक्तियों की जांच की मांग की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने हजारों करोड़ रुपए का नया कर्ज लिया, लेकिन प्रदेश में विकास की रफ्तार दिखाई नहीं दे रही।

मानसून सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी
आगामी विधानसभा मानसून सत्र को लेकर बिंदल ने कहा कि भाजपा विधायक दल सरकार की नीतियों, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कथित माफिया राज से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाएगा। भाजपा इन मुद्दों को सदन के साथ-साथ जनता के बीच भी ले जाएगी।

राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा की पाठशाला है आरएसएस
प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने आरएसएस को लेकर कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी सरकार की नाकामियों, बेरोजगारी और जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए संघ पर अनर्गल आरोप लगा रही है। बिंदल ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में नियुक्तियों को लेकर आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेता तथ्यों को सार्वजनिक करें। यदि कोई नियुक्ति नियमों के विरुद्ध हुई है तो सरकार निष्पक्ष जांच करवाए।

भाजपा के 25 प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच मजबूत सेतु
विभिन्न प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश बैठक प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें पार्टी के 25 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और सह-संयोजक शामिल हुए। डा. बिंदल ने कहा कि भाजपा के प्रत्येक प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी संगठन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य करना है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!