Shimla: राजीव भवन में 20 अगस्त को खुलेगा प्रभारियों के साथ जिला अध्यक्षों का रिपोर्ट कार्ड

Edited By Kuldeep, Updated: 16 Aug, 2026 10:18 PM

shimla in charge district president report card

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को धरातल पर अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है।

शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को धरातल पर अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार आगामी 20 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, जिलों प्रभारियों तथा सभी जिला अध्यक्षों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। संगठन के भीतर कसावट लाने और केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुलाई गई यह बैठक राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने बैठक के संदर्भ में रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए सभी जिला अध्यक्षों के अब तक के कामकाज और गतिविधियों की पूरी रिपोर्ट मांगी है। केंद्रीय नेतृत्व की इसी हिदायत के अनुपालन में प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार 20 अगस्त को सभी जिला अध्यक्षों से उनके कार्यकाल का पूरा लेखा-जोखा लेंगे। बैठक में केवल जिला अध्यक्षों के प्रदर्शन का ही आकलन नहीं होगा, बल्कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) द्वारा विभिन्न जिलों में तैनात किए गए प्रभारियों के कामकाज और उनकी सक्रियता की भी गहन समीक्षा की जाएगी।

बैठक के मुख्य एजैंडे में जिलों और ब्लॉक स्तर पर संगठन द्वारा आयोजित किए गए पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा शामिल है। ऐसे में जिला अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में चलाए गए जनसंपर्क अभियानों, प्रदर्शनों, बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत करना होगा। इसी तरह पीसीसी द्वारा नियुक्त जिला प्रभारियों से उनके संबंधित क्षेत्रों की रिपोर्ट मांगी गई है, जिसमें वह यह स्पष्ट करेंगे कि जिलों में पार्टी की स्थिति कैसी है और संगठन कितना सक्रियता से कार्य कर रहा है।

तय होगी आगे की रणनीति
बैठक में पिछले कार्यक्रमों की सफलता और कमजोरियों का विश्लेषण कर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि बैठक जिलों के सभी अध्यक्षों और प्रभारियों का उपस्थित होना अनिवार्य है। किसी भी पदाधिकारी को बिना ठोस कारण के अनुपस्थित रहने की अनुमति नहीं होगी, क्योंकि हर जिला की प्रगति रिपोर्ट सीधे केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जानी है।

निष्क्रिय पदाधिकारियों पर कसेगा ​शिंकजा
इस बैठक के माध्यम से पार्टी में निष्क्रिय पड़े नेताओं और पदाधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। ऐसे में यदि किसी का रिपोर्ट कार्ड सही नहीं पाया जाता है तो उनके स्थान पर नए चेहरों को जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है। गौर हो कि कांग्रेस हाईकमान पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि हर 3 माह में पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। इसी कड़ी में यह बैठक होने जा रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!