Edited By Kuldeep, Updated: 02 Apr, 2026 09:48 PM

चामुंडा देवी से वैष्णो देवी के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) बस चलाएगा। वीरवार को एचपीटीडीसी के बोर्ड ऑफ डायरैक्टर्स (बीओडी) की बैठक में यह निर्णय लिया।
शिमला (अभिषेक): चामुंडा देवी से वैष्णो देवी के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) बस चलाएगा। वीरवार को एचपीटीडीसी के बोर्ड ऑफ डायरैक्टर्स (बीओडी) की बैठक में यह निर्णय लिया। यह पहला मौका होगा जब एचपीटीडीसी धार्मिक स्थल के लिए बस सेवा शुरू करने जा रहा है। एचपीटीडीसी के बोर्ड ऑफ डायरैक्टर्स की बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन आरएस बाली ने की। बैठक में फ्लाइंग स्क्वायड गठित करने का भी निर्णय लिया है। यह फ्लाइंग स्क्वायड एचपीटीडीसी के होटलों व रेस्तरां का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान होटलों में कमरों के रखरखाव सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच करेगी। इसके अलावा ग्राहकों को दी जाने वाली सेवाओं की क्वालिटी चैक भी की जाएगी।
एचपीटीडीसी के होटलों व रेस्तरां में ग्राहकों को बेहतर व उच्च स्तरीय सेवाएं मिले, इसके लिए प्रबंधन ने विशेष तौर पर चर्चा की और व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड गठित करने का निर्णय लिया। इसके अलावा ग्राहकों की शिकायतों के निवारण के लिए एचपीटीडीसी अपना कॉल सैंटर शुरू करेगा। यह कॉल सैंटर सप्ताह भर 24 घंटे संचालित होगा। इस सैंटर में ग्राहक अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकेंगे। शिकायत दर्ज होने पर एचपीटीडीसी प्रबंधन शिकायत के निवारण के लिए त्वरित कार्रवाई करेगा। इस व्यवस्था से ग्राहक अपनी शिकायत तो दर्ज करवा सकेंगे। इसके अलावा एचपीटीडीसी प्रबंधन को व्यवस्थाओं को और बेहतर करने में भी मदद मिलेगी। बैठक में कई अन्य मामलों पर भी चर्चा हुई और कई निर्णय लिए।