Edited By Vijay, Updated: 20 May, 2026 07:15 PM

सिरमौर जिला के उपमंडल पांवटा साहिब में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों के हित में बड़ा कदम उठाया है।
पांवटा साहिब (कपिल): सिरमौर जिला के उपमंडल पांवटा साहिब में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों के हित में बड़ा कदम उठाया है। बच्चों को डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं से बचाने के लिए उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) पांवटा साहिब द्विज गोयल (आईएएस) ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार उपमंडल के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 8वीं तक प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक जबकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक: प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
धूप में खेलकूद और प्रार्थना सभा पर पाबंदी
स्कूलों के समय में बदलाव के साथ-साथ एसडीएम ने कड़े निर्देश दिए हैं कि स्कूल अवधि के दौरान धूप में किसी भी प्रकार की बाहरी गतिविधियां, जैसे खेलकूद और प्रार्थना सभा का आयोजन न किया जाए। सभी स्कूलों को परिसर में छात्रों के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और गर्मी से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति (हीट स्ट्रोक आदि) से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेशों का उल्लंघन किया तो होगी कार्रवाई
एसडीएम द्विज गोयल ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और 31 मई, 2026 तक या आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेंगे। स्कूल प्रबंधन को इन नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इन स्कूलों के समय में नहीं हुआ कोई बदलाव
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपमंडल के कुछ विशेष स्कूलों की समयावधि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये स्कूल अपने पूर्व निर्धारित समयानुसार ही संचालित होंगे। इनमें राजकीय उच्च विद्यालय कलाथा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कलाथा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बैल्धार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय भिप्तवार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बढाना, एसआरएसएम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनोर, जीएसएस सुनोग, जीएमएस श्री खटवार, जीपीएसएस बनोर, जीपीएस दिमतवार, जीपीएस श्री खटवार, जीपीएस अनहेरा, जीपीएस निगाली, जीपीएसएस शिवा, जीपीएस सुनोग, जीपीएस थड़ा जिजला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नघेता, राजकीय सीनियर सैकेंडरी स्कूल छछेती और राजकीय मॉडल सीनियर सैकेंडरी स्कूल अंबोया शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें