Edited By Vijay, Updated: 13 Aug, 2026 12:30 PM

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की एक विशेष टीम ने टिक्कर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 31.57 ग्राम हैरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
रोहड़ू (कार्तिक): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की एक विशेष टीम ने टिक्कर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 31.57 ग्राम हैरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहड़ू पुलिस की स्पेशल टीम को इलाके में नशा तस्करी को लेकर एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस टीम ने टिक्कर क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से 31.57 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। नशीला पदार्थ मिलते ही पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हन्नी दत्ता निवासी तहसील रोहड़ू के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को सीज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ रोहड़ू पुलिस थाना में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अब उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की आगामी गहन जांच में जुट गई है। पुलिस की जांच का मुख्य फोकस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज पर है। यानी आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में यह चिट्टा कहां से लाया था और इसे क्षेत्र में किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था, इसकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। इसके लिए आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड और संभावित संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि इस पूरे नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके।
गौरतलब है कि रोहड़ू और इसके आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से चिट्टे (हैरोइन) के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमंडल रोहड़ू ने नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विशेष अभियान चलाया हुआ है। टिक्कर में पुलिस की इस ताजा कार्रवाई को इसी अभियान की एक अहम कड़ी और बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें