Edited By Swati Sharma, Updated: 17 Aug, 2026 10:54 AM

Himachal News : लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दो दिवसीय ठियोग उत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्थानीय विधायक कुलदीप राठौर ने मुख्यतिथि को शॉल टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके साथ विशिष्ट...
Himachal News : लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दो दिवसीय ठियोग उत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्थानीय विधायक कुलदीप राठौर ने मुख्यतिथि को शॉल टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके साथ विशिष्ट अतिथि वाइस चेयरमैन हिमुडा यशवंत छाजटा को नगर परिषद चेयरमैन करुणा कंवर ने शॉल टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
'ठियोग उत्सव हमारी स्वतंत्रता का प्रतीक'
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यतिथि ने कहा कि ठियोग उत्सव हमारी स्वतंत्रता का प्रतीक है। इसके साथ यह उत्सव यहां की संस्कृति का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री के सहयोग से सड़क, बागवानी और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित कलाकारों, गायकों और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों का भी स्वागत किया।
'विकास कार्यों को लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना प्राथमिकता'
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिमला से रामपुर तक मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 1,400 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह मार्ग रामपुर सहित किन्नौर और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भूस्खलन, बाढ़ और सड़क क्षति के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के आगामी विस्तार एवं सुधार कार्यों में अधिकतम सुरंगों के निर्माण की मांग की जा रही है, ताकि भूस्खलन एवं प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। इससे किसानों-बागवानों के साथ-साथ रिहायशी क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग और सड़क बोर्ड के माध्यम से आवश्यक बजट उपलब्ध करवाकर सड़कों को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए सड़कों को यातायात के लिए सुचारू बनाए रखने के लिए मशीनरी और श्रम शक्ति को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि बागवानों के लिए महत्वपूर्ण छैला-यशवंत नगर सड़क के उन्नयन के लिए भी निरंतर प्रयास किए गए हैं। इस सड़क परियोजना के लिए करीब 239 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है और इसका कार्य शीघ्र चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के बागवानों और ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी तथा उनकी उपज को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य क्षेत्र में मजबूत और टिकाऊ आधारभूत ढांचा तैयार करना है। सड़क संपर्क बेहतर होने से पर्यटन, बागवानी, कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप नई परियोजनाओं को भी गति प्रदान की जाएगी।