Edited By Vijay, Updated: 13 Aug, 2026 05:20 PM

जिला मंडी पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 216 ग्राम चरस के साथ हरियाणा निवासी एक युवक व दो युवतियों और 5.53 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक व युवती को गिरफ्तार है।
सुंदरनगर (सोढी): जिला मंडी पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 216 ग्राम चरस के साथ हरियाणा निवासी एक युवक व दो युवतियों और 5.53 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक व युवती को गिरफ्तार है। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार पहले मामले में सुंदरनगर पुलिस ने वीरवार सुबह पुंघ फोरलेन पर नाके के दौरान कुल्लू की ओर से आई हरियाणा नम्बर की एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार से 216 ग्राम चरस बरामद हुई। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार अंकित शिवाच (30) पुत्र राजेश शिवाच निवासी गांव व डाकघर समैण, तहसील महम व जिला रोहतक, पूजा राठी (26) और रवीना राठी (24) पुत्री विजय कुमार निवासी जिला रोहतक (हरियाणा) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में सुंदरनगर थाना पुलिस ने नगर परिषद के सलाबकोट क्षेत्र में नशे के खिलाफ दबिश देते हुए एक युवक व युवती को 5.53 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में आरोपियों की पहचान सचिन ठाकुर (28) निवासी हटवाड़, तहसील घुमारवीं व जिला बिलासपुर और ईशा कमल (22) निवासी तहसील बल्द्वाड़ा व जिला मंडी को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों मामलों में यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था, साथ ही आरोपियों के संपर्कों और नशे की सप्लाई से जुड़े नैटवर्क की भी जांच की जा रही है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नशे की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की लगातार कार्रवाई का उद्देश्य नशे की सप्लाई चेन को तोड़ना और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें