Edited By Swati Sharma, Updated: 25 Jun, 2026 05:04 PM

Una News : जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला-2026 के दूसरे दिन भगवान नरसिंह देव मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और विभिन्न आकर्षणों में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। मेले के दूसरे...
Una News : जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला-2026 के दूसरे दिन भगवान नरसिंह देव मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और विभिन्न आकर्षणों में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। मेले के दूसरे दिन चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी किरनदीप कौर भी रहीं। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी मृदु शर्मा ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि पिपलू जैसे मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं की जीवंत पहचान हैं। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, प्रशासन तथा क्षेत्रवासियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि माता चिंतपूर्णी मंदिर के सौंदर्यीकरण और समग्र विकास को नई गति दी जा रही है। प्रथम चरण में लगभग 206 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर कार्य आरंभ होगा, जिसका शुभारंभ शीघ्र मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में चिंतपूर्णी क्षेत्र के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण पर लगभग एक हजार करोड़ रुपये व्यय करने की योजना है।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पिपलू मेले को लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप और अधिक व्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से पिपलू में आधुनिक मेला मैदान विकसित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में मेले का आयोजन और बेहतर सुविधाओं के साथ किया जा सके। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 26 जून को भलेत में आयोजित होने वाली कुटलैहड़ महोत्सव की स्टार नाइट में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
डॉग शो बना आकर्षण का केंद्र
मेले में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के क्रम में गुरुवार को आयोजित डॉग शो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न नस्लों के प्रशिक्षित श्वानों ने अपने शानदार करतबों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों, स्थानीय उत्पादों की दुकानों तथा अन्य स्टॉलों पर भी दिनभर लोगों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन तथा मेला समिति द्वारा समुचित प्रबंध किए गए थे।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें