Edited By Vijay, Updated: 07 Oct, 2026 03:53 PM

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के तहत उपमंडलीय पशु चिकित्सालय करसोग में पशु मित्र के पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया का नया शैड्यूल जारी कर दिया गया है।
मंडी (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के तहत उपमंडलीय पशु चिकित्सालय करसोग में पशु मित्र के पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया का नया शैड्यूल जारी कर दिया गया है। पूर्व में खराब मौसम के कारण स्थगित किए गए शारीरिक परीक्षण अब 8 अक्तूबर को आयोजित किए जाएंगे।
पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन, मंडी के उपनिदेशक डॉ. मुकेश महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में खराब मौसम और अन्य अपरिहार्य कारणों के चलते भर्ती प्रक्रिया को रोकना पड़ा था। अब इसे पुनः निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुरू किया जा रहा है। यह शारीरिक परीक्षण करसोग स्थित वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के मैदान में आयोजित किया जाएगा।
डॉ. महाजन ने उम्मीदवारों के लिए समय-सीमा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि शारीरिक परीक्षण में भाग लेने वाले सभी महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 8:30 बजे तय किया गया है। पंजीकरण की प्रक्रिया सुबह 9:45 बजे तक ही चलेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुबह 9:45 बजे के बाद पहुंचने वाले किसी भी अभ्यर्थी का पंजीकरण नहीं किया जाएगा और न ही उन्हें शारीरिक परीक्षण में शामिल होने का कोई दूसरा अवसर मिलेगा।
उपनिदेशक ने सभी पात्र और इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें। शारीरिक परीक्षण में भाग लेने से पहले सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र और एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें